Noida: ढाबा मालिक को पीटा, कार के बोनट पर लटकाकर डेढ़ किलोमीटर तक ले गए आरोपी

Noida: ढाबा मालिक को पीटा, कार के बोनट पर लटकाकर डेढ़ किलोमीटर तक ले गए आरोपी

नोएडा। सेक्टर-71 स्थित जनता फ्लैट के बाहर सोमवार रात दबंगई की सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां चार युवकों ने ढाबा मालिक को उसके बेटे के सामने बेरहमी से पीटा और फिर जान से मारने की नीयत से कार के बोनट पर डालकर करीब डेढ़ किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गए। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। फेज-3 थाना पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए चार में से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक की तलाश जारी है।

पीड़ित अमित कुमार ने पुलिस को बताया कि उनके पिता राम दयाल मूल रूप से बस्ती जिले के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से परिवार के साथ नोएडा में रहकर जनता फ्लैट के पास वेंडिंग जोन में ढाबा चलाते हैं। आरोप है कि सोसाइटी में रहने वाले शिवराज गौर, सत्यप्रकाश तिवारी, दिनेश गौर और अंकुर मिश्रा लंबे समय से ढाबा हटाने का दबाव बना रहे थे और आए दिन धमकियां देते थे।

सोमवार रात करीब नौ बजे चारों आरोपी कार से ढाबे पर पहुंचे और राम दयाल को बाहर निकलकर ढाबा बंद करने के लिए कहने लगे। आरोप है कि युवकों ने फिल्मी अंदाज में कहा कि अब सेक्टर में कौन दुकान खोलेगा और कौन बंद करेगा, यह वही तय करेंगे। जब राम दयाल ने इसका विरोध किया तो कार से उतरकर दो युवकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उनका बेटा अमित मौके पर पहुंचा और किसी तरह पिता को बचाने की कोशिश की।

आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने राम दयाल पर कार चढ़ाने का प्रयास किया। जान बचाने के लिए वह कार के बोनट पर चढ़ गए, लेकिन आरोपी कार को तेज रफ्तार में भगाते हुए फरार हो गए। राम दयाल पूरी दूरी तक बोनट से लटके रहे, जबकि उनका बेटा अमित बाइक से पीछा करता रहा। करीब डेढ़ किलोमीटर दूर साईं अपार्टमेंट के पास सर्विस रोड पर आरोपियों ने राम दयाल को नीचे उतारा, जान से मारने की धमकी दी और मौके से भाग निकले।

घटना के बाद पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस ने तीन आरोपी शिवराज गौर, सत्यप्रकाश तिवारी और दिनेश गौर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चौथे आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों और पीड़ित के बीच ठेला और दुकान लगाने को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है।

इस घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे ढाबा मालिक को टक्कर मारकर कार के बोनट पर लटकाया गया और तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ाई गई। एक अन्य वीडियो में पीड़ित घायल अवस्था में स्ट्रैचर पर लेटा नजर आ रहा है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर भी मामले की जांच कर रही है और सख्त कार्रवाई की बात कह रही है।

मलाइका अरोड़ा ने अर्जुन कपूर के साथ ब्रेकअप की खबरों के बीच अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक रहस्यमयी पोस्ट शेयर की, कहा ‘हममें से हर किसी के पास सिर्फ़…’

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img