Noida Crime: सेक्टर-62 मारपीट मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार, CCTV वायरल होने के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Noida Crime: सेक्टर-62 मारपीट मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार, CCTV वायरल होने के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई

नोएडा। सेक्टर-62 स्थित बी-ब्लॉक मार्केट में एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट करने के मामले में नोएडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस पर आरोपियों की गिरफ्तारी का दबाव बढ़ गया था। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली है। सभी आरोपियों को हत्या के प्रयास के आरोप में न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार यह घटना 16 जुलाई की देर रात की है। पीड़ित उज्जवल त्यागी, जो सर्फाबाद गांव के निवासी हैं, सेक्टर-62 के बी-ब्लॉक मार्केट स्थित एक पराठे की दुकान पर खाना खाने पहुंचे थे। उसी दौरान दो कारों में सवार आठ से नौ युवक वहां पहुंचे और किसी बात को लेकर उज्जवल से अभद्रता करने लगे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें दुकान से बाहर सड़क पर खींच लिया और बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने पहले उज्जवल को थप्पड़ और घूंसों से पीटा। इसके बाद उसे कार के बोनट पर पटक दिया और लगातार मारपीट करते रहे। जब पीड़ित ने खुद को बचाने की कोशिश की तो उसकी शर्ट और कॉलर पकड़कर उसे सड़क पर गिरा दिया गया। इसके बाद आरोपियों ने लात-घूंसों से हमला जारी रखा।

मारपीट के दौरान एक आरोपी पास से ईंट उठाकर लाया और उज्जवल के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बावजूद आरोपियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उन्होंने उसकी छाती पर भी ईंट से हमला किया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद त्यागी समाज के लोगों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की।

सेक्टर-58 थाना पुलिस ने मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पांच आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलिया निवासी आयुष कुमार सिंह, गोरखपुर निवासी आयुष मिश्रा, कपिंदर सिंह, गोंडा निवासी आत्मन मिश्रा तथा बिहार निवासी सुमित के रूप में हुई है। सभी आरोपी वर्तमान में ग्रेटर नोएडा के अल्फा-दो क्षेत्र में किराये पर रह रहे थे।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली गई है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। मामले की विवेचना के दौरान यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

Hapur News : हापुड़ में सपा के पीडीए अभियान के प्रभारी लखन सिंह पाल ने की पंचायत

Hapur News : समाजवादी पार्टी के पीडीए कार्यक्रम प्रभारी...

Topics

Hapur News : हापुड़ में सपा के पीडीए अभियान के प्रभारी लखन सिंह पाल ने की पंचायत

Hapur News : समाजवादी पार्टी के पीडीए कार्यक्रम प्रभारी...

WCEF 2026: WCEF-2026 के प्री-इवेंट में ई-वेस्ट सर्कुलरिटी और EPR पर वेबिनार आयोजित

WCEF 2026: WCEF-2026 के प्री-इवेंट में ई-वेस्ट सर्कुलरिटी और...
spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img