Noida Crime: जन्मदिन पर तेज गाना बजाने का विरोध करना पड़ा भारी, दो भाइयों की पिटाई से युवक की मौत; आरोपी गिरफ्तार
नोएडा। फेज-2 थाना क्षेत्र के गेझा गांव में जन्मदिन समारोह के दौरान तेज आवाज में गाना बजाने का विरोध करने पर हुए विवाद में 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले दो भाइयों ने कहासुनी के बाद व्यक्ति के साथ मारपीट की। घायल अवस्था में उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपी भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना गेझा गांव की गली नंबर-4 की है। पुलिस के मुताबिक 45 वर्षीय सतीश शर्मा अपने परिवार के साथ यहां रहते थे। उनके घर के सामने सुमित अपने पिता और भाई ललित के साथ रहता है। शनिवार को सुमित के बेटे का जन्मदिन था और घर में जन्मदिन का कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम के दौरान होम थिएटर पर तेज आवाज में गाने बजाए जा रहे थे। आरोप है कि संगीत की आवाज काफी तेज होने के कारण सामने रहने वाले सतीश शर्मा को परेशानी होने लगी। इसके बाद वह पड़ोसी के घर पहुंचे और गाने की आवाज कम करने के लिए कहा।
पुलिस के मुताबिक आवाज कम करने की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान सुमित ने सतीश के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसका भाई ललित भी इसमें शामिल हो गया।
आरोप है कि दोनों भाइयों ने मिलकर सतीश शर्मा की पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान वह सड़क पर गिर गए। उनके सिर और मुंह में चोट लगी और वह बेहोश हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद परिजन उन्हें तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद सतीश शर्मा को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के बाद मृतक के भाई मनीष ने फेज-2 थाने में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया।
एसीपी दीक्षा सिंह के मुताबिक परिजनों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए सुमित और उसके भाई ललित को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों से घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और परिस्थितियों की भी जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


