Noida Car Theft: नोएडा में वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, मुठभेड़ में सरगना घायल, 3 गिरफ्तार
नोएडा। फेज दो थानाक्षेत्र में पुलिस और सर्विलांस टीमों की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के तीन बदमाश गिरफ्तार किए गए। गिरोह का सरगना पंकज शाह गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी विवेक यादव और प्रेमपाल यादव को पुलिस ने घेरेबंदी कर दबोच लिया। तीनों बदमाशों की निशानदेही पर चोरी के तीन चार पहिया वाहन बरामद किए गए।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि 27 नवंबर को बिसरख निवासी एक व्यक्ति की कार पंचशील चौकी क्षेत्र से चोरी की गई थी। इसके बाद पुलिस ने गिरोह को पकड़ने के लिए सीआरटी, सर्विलांस और फेज दो थाने की टीम तैनात की। रविवार दोपहर टीम को सूचना मिली कि वही गिरोह फिर से शहर में दाखिल हुआ है।
पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाशों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन वे भागने लगे और पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में गिरोह का सरगना पंकज शाह गोली लगने से घायल हो गया। उसकी उम्र 24 साल है और वह बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला है। दोनों साथी मध्य प्रदेश के भिंड जिले के विवेक यादव (25) और प्रेमपाल यादव (28) हैं।
एसीपी उमेश यादव ने बताया कि सरगना केवल पांचवीं पास है, जबकि अन्य बदमाश आठवीं और नौवीं तक पढ़े हैं। सभी पेशेवर अपराधी हैं और चोरी के दौरान लोगों को डराने के लिए हथियार रखते हैं। पुलिस ने बदमाशों के पास से तमंचा, मोबाइल और 91 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरोह चोरी के वाहनों को देहात क्षेत्र के कच्चे रास्तों से ले जाते हैं ताकि टोल और निगरानी से बचा जा सके। मोबाइल कॉलिंग के जरिए वे पुलिस की ट्रेसिंग से बचते हैं। अब तक गिरोह ने 20 से अधिक चार पहिया वाहन चोरी किए हैं और इनसे लाखों रुपए की संपत्ति अर्जित की है।


