Noida Authority Transparency: प्राधिकरण की वेबसाइट पर छह साल से बैलेंस शीट अपडेट नहीं, एनुअल रिपोर्ट भी 2007-08 के बाद से गायब; CEO से शिकायत
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट पर वित्तीय और वार्षिक गतिविधियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां लंबे समय से अपडेट नहीं होने का मामला सामने आया है। वेबसाइट पर वर्ष 2019-20 के बाद की बैलेंस शीट उपलब्ध नहीं होने का दावा किया गया है, जबकि एनुअल रिपोर्ट वर्ष 2007-08 के बाद से अपडेट नहीं बताई जा रही है। इसको लेकर शहर के एक निवासी ने प्राधिकरण की कार्यप्रणाली और पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए सीईओ को पत्र भेजकर जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है।
सेक्टर-77 स्थित प्रतीक विस्टीरिया निवासी अमित गुप्ता ने नोएडा प्राधिकरण के सीईओ को इस संबंध में पत्र भेजा है। उन्होंने पत्र में कहा है कि नोएडा प्राधिकरण एक सरकारी संस्था है और उसके कामकाज से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां आम लोगों के लिए आसानी से उपलब्ध होनी चाहिए।
अमित गुप्ता के मुताबिक प्राधिकरण की वेबसाइट पर कई महत्वपूर्ण जानकारियां लंबे समय से अपडेट नहीं की गई हैं। इनमें वित्तीय स्थिति से जुड़ी बैलेंस शीट और वार्षिक रिपोर्ट भी शामिल हैं।
उन्होंने दावा किया कि वेबसाइट पर वर्ष 2019-20 के बाद की बैलेंस शीट से संबंधित जानकारी उपलब्ध नहीं है। इस हिसाब से पिछले करीब छह वर्षों की वित्तीय जानकारी वेबसाइट पर अपडेट नहीं की गई है।
इसी तरह एनुअल रिपोर्ट को लेकर भी सवाल उठाया गया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक प्राधिकरण की वेबसाइट पर वर्ष 2007-08 के बाद की वार्षिक रिपोर्ट अपडेट नहीं दिखाई दे रही है।
अमित गुप्ता ने इसे पारदर्शिता से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताते हुए कहा कि सरकारी संस्था के वित्तीय और प्रशासनिक कामकाज से संबंधित जानकारियों को नियमित रूप से सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्राधिकरण को विभिन्न माध्यमों से आय प्राप्त होती है और उसके द्वारा शहर के विकास तथा अन्य कार्यों पर बड़ी रकम खर्च की जाती है। ऐसे में आय और व्यय से संबंधित जानकारी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध रहनी चाहिए।
उनका कहना है कि वेबसाइट पर बैलेंस शीट और वार्षिक रिपोर्ट उपलब्ध होने से आम नागरिक भी यह देख सकते हैं कि प्राधिकरण की वित्तीय स्थिति क्या है और विभिन्न मदों में किस तरह से आय तथा खर्च दर्ज किया गया है।
अमित गुप्ता ने कहा कि डिजिटल दौर में सरकारी संस्थाओं की वेबसाइट पारदर्शिता का महत्वपूर्ण माध्यम है। यदि वेबसाइट पर वर्षों पुरानी जानकारी ही उपलब्ध रहे और नई रिपोर्ट अपडेट न की जाए तो आम लोगों के लिए संस्था के वर्तमान कामकाज से संबंधित जानकारी हासिल करना मुश्किल हो जाता है।
उन्होंने पत्र में प्राधिकरण की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि संस्था के प्रति आम लोगों का विश्वास मजबूत करने के लिए वित्तीय जानकारी को नियमित रूप से सार्वजनिक किया जाना जरूरी है।
अमित गुप्ता ने प्राधिकरण से आय-व्यय से संबंधित पूरी जानकारी वेबसाइट पर अपडेट करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बैलेंस शीट और एनुअल रिपोर्ट सहित महत्वपूर्ण दस्तावेजों को समय पर सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि प्राधिकरण की वेबसाइट पर उपलब्ध अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों की भी समीक्षा की जानी चाहिए और जो सूचनाएं पुरानी हो चुकी हैं, उन्हें नवीनतम आंकड़ों और दस्तावेजों के साथ अपडेट किया जाना चाहिए।
शिकायतकर्ता ने प्राधिकरण के सीईओ से इस मामले का संज्ञान लेने और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की मांग की है। उनका कहना है कि नियमित अपडेट से आम लोगों को जानकारी हासिल करने में सुविधा होगी और प्राधिकरण की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता भी बढ़ेगी।
अब इस शिकायत के बाद यह देखना होगा कि नोएडा प्राधिकरण की ओर से वेबसाइट पर लंबित बैलेंस शीट और वार्षिक रिपोर्ट को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं और वित्तीय जानकारियों को कब तक अपडेट किया जाता है।
