Noida Authority: ई-बोली में रिकॉर्ड तोड़ बिक्री, 10 औद्योगिक भूखंड तीन गुना से अधिक कीमत पर बिके

Noida Authority: ई-बोली में रिकॉर्ड तोड़ बिक्री, 10 औद्योगिक भूखंड तीन गुना से अधिक कीमत पर बिके

नोएडा। नोएडा प्राधिकरण द्वारा ई-बोली के माध्यम से आवंटित किए गए 10 औद्योगिक भूखंडों की बिक्री में रिकॉर्ड कायम हुआ है। इन भूखंडों का कुल आरक्षित मूल्य 49 करोड़ 27 लाख रुपये तय किया गया था, लेकिन ई-बोली के दौरान निवेशकों की जबरदस्त रुचि देखने को मिली और अंततः ये भूखंड 173 करोड़ 29 लाख रुपये में बिके। इस तरह प्राधिकरण को तय कीमत से तीन गुना से भी अधिक राशि प्राप्त हुई है।

नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, कुछ माह पूर्व इन 10 औद्योगिक भूखंडों की योजना जारी की गई थी, जिसके तहत कुल 214 निवेशकों ने आवेदन किया था। एचडीएफसी बैंक के पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी ई-बोली प्रक्रिया आयोजित की गई। मंगलवार को हुई अंतिम बोली प्रक्रिया में 240 में से 170 पात्र आवेदकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

ई-बोली के परिणामस्वरूप नोएडा प्राधिकरण को लगभग 124 करोड़ 2 लाख रुपये का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि यह सफलता नोएडा में औद्योगिक निवेश के प्रति बढ़ते भरोसे और बेहतर बुनियादी ढांचे का प्रमाण है। इन औद्योगिक भूखंडों पर आने वाले समय में लगभग 600 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा, जिससे करीब 2200 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की संभावना है।

नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. लोकेश एम ने बताया कि इन भूखंडों के लिए कई प्रतिष्ठित कंपनियों ने ऊंची बोली लगाई। सबसे अधिक बोली लगाने वालों में मैसर्स हल्दीराम स्नैक्स, अंबिका इंटरप्राइजेज, नेल्यूमबो टेक्नोलॉजी, एसआरएक्स मर्चेंट्स, नेक्साम एनर्जी, ग्रांउसंस इंजीनियरिंग और ओपल टेनल एसपीवी प्राइवेट लिमिटेड जैसी कंपनियां शामिल हैं।

प्राधिकरण का कहना है कि इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से नोएडा का औद्योगिक आधार और मजबूत होगा तथा क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। साथ ही, इससे राज्य सरकार के राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img