Noida Authority: सेक्टर-18 में क्योस्क संचालन को लेकर दो एजेंसियों ने दिखाई रुचि, बॉटनिकल गार्डन क्षेत्र में नहीं मिला रिस्पॉन्स

Noida Authority: सेक्टर-18 में क्योस्क संचालन को लेकर दो एजेंसियों ने दिखाई रुचि, बॉटनिकल गार्डन क्षेत्र में नहीं मिला रिस्पॉन्स

नोएडा प्राधिकरण द्वारा सेक्टर-18 और सेक्टर-38ए क्षेत्र में बॉटनिकल गार्डन से जीआईपी मॉल के बीच कुल 34 क्योस्क तैयार किए गए हैं, जिनके संचालन को लेकर टेंडर प्रक्रिया जारी है। ताजा स्थिति में सेक्टर-18 में बनाए गए क्योस्क के संचालन के लिए दो एजेंसियों ने टेंडर में हिस्सा लिया है, जबकि सेक्टर-38ए में बॉटनिकल गार्डन के सामने बनाए गए क्योस्क के लिए एक भी एजेंसी आगे नहीं आई है। इस स्थिति को देखते हुए प्राधिकरण दोबारा टेंडर जारी करने की तैयारी कर रहा है।

प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार क्योस्क संचालन के लिए यह दूसरी बार टेंडर जारी किया गया था, लेकिन निर्धारित मानकों के अनुरूप पर्याप्त संख्या में एजेंसियां सामने नहीं आ सकीं। नियमों के अनुसार किसी भी टेंडर प्रक्रिया में न्यूनतम तीन एजेंसियों का भाग लेना आवश्यक होता है। इस शर्त को पूरा न होने के कारण अब आला अधिकारियों से अनुमति लेने के बाद एक बार फिर टेंडर जारी किया जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि सेक्टर-18 में कुल 15 क्योस्क बनाए गए हैं, जबकि सेक्टर-38ए में बॉटनिकल गार्डन के सामने 19 क्योस्क तैयार किए गए हैं। इन क्योस्क के माध्यम से लोगों को खानपान और खरीदारी की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें से अधिकांश क्योस्क खरीदारी से जुड़े कार्यों के लिए आरक्षित किए गए हैं, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को एक ही स्थान पर सुविधाएं मिल सकें।

प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि इन नए क्योस्क का आवंटन पहले से संचालित क्योस्क की व्यवस्था से अलग होगा। पहले जहां सीधे आम लोगों से आवेदन मंगाए जाते थे, वहीं इस बार केवल एजेंसियां ही टेंडर प्रक्रिया में भाग ले सकेंगी। जो एजेंसी सबसे ऊंची बोली लगाएगी, उसे क्योस्क संचालन का अधिकार दिया जाएगा। इसके बाद संबंधित एजेंसी आम लोगों को क्योस्क आवंटित कर सकेगी। प्राधिकरण का मानना है कि इस नई व्यवस्था से क्योस्क संचालन अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी होगा।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img