Noida Air Pollution: नोएडा में वायु प्रदूषण पर सख्त कार्रवाई, प्राधिकरण की 14 टीमें शहर में सक्रिय
नोएडा। दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण लगातार बढ़ने और AQI ‘खराब’ श्रेणी में पहुँचने के बाद नोएडा प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और मा० CAQM आयोग के निर्देशों के तहत 14 अक्टूबर 2025 को जारी Graded Response Action Plan (GRAP) को सख्ती से लागू किया जा रहा है। इसी क्रम में प्राधिकरण की 14 विशेष टीमें पूरे शहर में सक्रिय हैं और लगातार निरीक्षण, सफाई और धूल नियंत्रण के अभियान चला रही हैं।
शहर में निरीक्षण और धूल नियंत्रण के उपाय
प्राधिकरण की टीमें अब तक सेक्टरों और गांवों में जाकर कुल 62 स्थानों का निरीक्षण कर चुकी हैं। स्थानीय निवासियों और निर्माण कार्य से जुड़े लोगों को GRAP और NGT के दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। प्रदूषण कम करने के लिए शहर की मुख्य सड़कों पर 54 टैंकरों से 231.70 किमी लंबी सड़क पर शोधित जल का छिड़काव किया गया। इसके अलावा, जन स्वास्थ्य विभाग की 19 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों ने 340 किमी लंबी सड़कों की सफाई पूरी की।
हरियाली की धुलाई और एंटी-स्मॉग गन की तैनाती
उद्यान विभाग ने शहर के सेंट्रल वर्ज में लगे पौधों की धुलाई 19 टैंकरों के माध्यम से कराई। निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के लिए 88 एंटी-स्मॉग गन और 10 ट्रक माउंटेड एंटी-स्मॉग गन संचालित की जा रही हैं। निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट (C&D Waste) के उठान में भी तेजी लाई गई है, और अब तक 601.89 टन कचरा उठाकर प्रसंस्करण केंद्र भेजा जा चुका है।
नियम उल्लंघन पर सख्ती और नागरिकों से सहयोग की अपील
नोएडा प्राधिकरण की टीमें नियमों का उल्लंघन करने वाले निर्माण स्थलों पर जुर्माना भी लगा रही हैं। निर्माण सामग्री को ग्रीन नेट से ढकना, पानी का नियमित छिड़काव करना और मेटल शीट या ग्रीन कारपेट का इस्तेमाल करना अनिवार्य किया गया है। प्राधिकरण ने शहरवासियों से अपील की है कि वे प्रदूषण नियंत्रण के इन प्रयासों में सहयोग करें और GRAP के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए स्वच्छ हवा के अभियान में सहभागी बनें।
‘कोटा फैक्ट्री’ सीजन 3: जितेंद्र कुमार की दमदार ड्रामा नेटफ्लिक्स पर आएगी, रिलीज डेट सामने आई


