New Delhi : दिल्ली पुलिस ने शहीद पुलिसकर्मियों को दी श्रद्धांजलि, राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर भावपूर्ण समारोह

New Delhi (मिताली चंदोला, एडिटर, स्पेशल प्रोजेक्ट्स) : पुलिस स्मरण दिवस (Police Commemoration Day) के अवसर पर दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को राष्ट्रीय पुलिस स्मारक, चाणक्यपुरी में शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर दिल्ली पुलिस आयुक्त श्री सतीश गोल्छा ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्मारक के केंद्रीय शिल्प पर पुष्पांजलि अर्पित की और देश की आंतरिक सुरक्षा में बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया।

हर वर्ष 21 अक्टूबर को पूरे देश में पुलिस स्मरण दिवस मनाया जाता है, ताकि उन पुलिसकर्मियों की बहादुरी, त्याग और समर्पण को याद किया जा सके जिन्होंने ड्यूटी के दौरान अपने प्राण न्योछावर कर दिए। राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर मुख्य कार्यक्रम के बाद, 22 से 30 अक्टूबर तक विभिन्न केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs) और संगठनों द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस वर्ष 24 अक्टूबर 2025 को दिल्ली पुलिस को कार्यक्रम आयोजित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

कार्यक्रम की शुरुआत ‘रन फॉर मार्टियर्स’ से हुई, जो नेहरू पार्क से राष्ट्रीय पुलिस स्मारक तक आयोजित की गई। इसमें पुलिस आयुक्त सतीश गोल्छा ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भाग लिया। इसके बाद शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों ने स्मारक पर पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए। स्मारक के थिएटर में शहीदों के वीरता और समर्पण पर आधारित एक विशेष वीडियो प्रदर्शित किया गया।

शाम के सत्र में पुलिस आयुक्त, वरिष्ठ अधिकारी और उनकी पत्नियां स्मारक पहुंचे, जहां बैंड परेड और फिल्म प्रदर्शन के माध्यम से दिल्ली पुलिस के शहीदों को याद किया गया। कार्यक्रम का समापन ‘बीटिंग द रिट्रीट’ समारोह और वॉल ऑफ वेलर पर श्रद्धांजलि के साथ हुआ, जहां पुलिसकर्मियों ने एक बार फिर अपने शहीद साथियों को नमन किया।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img