Navratri 2026: सातवें दिन मां कालरात्रि की पूजा-अर्चना, मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु
शारदीय नवरात्र के सातवें दिन शनिवार को नोएडा में श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के सातवें स्वरूप मां कालरात्रि की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। सुबह से ही शहर के विभिन्न मंदिरों में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने घरों में भी पूजा-पाठ कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। मंदिरों में हवन, भजन-कीर्तन, पाठ और आरती के आयोजन किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
सेक्टर-19 स्थित सनातन धर्म मंदिर में नवरात्र के सातवें दिन सुबह हवन का आयोजन किया गया। इसके बाद मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन हुए। शाम को श्रद्धालुओं ने पाठ और आरती में शामिल होकर मां कालरात्रि की आराधना की। भक्तों ने माता के दर्शन कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
सेक्टर-20 स्थित हनुमान मंदिर में भी सुबह हवन और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। शाम को पाठ और आरती में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे दिन मंदिर में पूजा-अर्चना का माहौल बना रहा और भक्तों ने मां दुर्गा के सातवें स्वरूप के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
वहीं, सेक्टर-62 स्थित श्री विनायक एवं श्री कार्तिकेय मंदिर में महिलाओं ने एकत्रित होकर सामूहिक पाठ किया। धार्मिक आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से पूजा-अर्चना की। पाठ के बाद सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। शहर के अन्य मंदिरों में भी नवरात्र के अवसर पर विशेष पूजा-पाठ और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
