Mobile Snatching Gang: मोबाइल छिनैती गिरोह के तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार, चोरी की बाइक और अवैध हथियार बरामद

Mobile Snatching Gang: मोबाइल छिनैती गिरोह के तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार, चोरी की बाइक और अवैध हथियार बरामद

नोएडा: सेक्टर-142 कोतवाली क्षेत्र में मोबाइल चोरी और छिनैती की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी और छिनैती के तीन मोबाइल फोन, एक चोरी की स्पोर्ट्स बाइक और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं।

कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि मंगलवार को लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने सेक्टर-140 स्थित क्रॉसिंग के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को मौके से दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान इटावा निवासी सुल्तान सिंह उर्फ मयंक, कृष्ण कुमार और बिजनौर निवासी राजकुमार के रूप में हुई है। तीनों आरोपी वर्तमान में सेक्टर-85, फेज-2 कोतवाली क्षेत्र के गांव याकूबपुर में रह रहे थे।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में चोरी की गई स्पोर्ट्स बाइक पर सवार होकर राह चलते लोगों को निशाना बनाते थे। मौका देखकर वे मोबाइल फोन छीन लेते या चोरी कर फरार हो जाते थे। पकड़े जाने के डर से वे अपने पास अवैध हथियार रखते थे, ताकि जरूरत पड़ने पर डराने-धमकाने का इस्तेमाल कर सकें।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि जिस बाइक से वारदातों को अंजाम दिया जा रहा था, उसके संबंध में दिल्ली के थाना मयूर विहार फेस-1 में पहले से मुकदमा दर्ज है। बरामद मोबाइल फोन भी अलग-अलग स्थानों से छीने और चोरी किए गए बताए जा रहे हैं, जिनके संबंध में अन्य मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वे इससे पहले और कितनी वारदातों में शामिल रहे हैं।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img