Mathura : मथुरा के वृंदावन स्थित चैतन्य विहार क्षेत्र में मंगलवार रात एक हृदय विदारक हादसा हो गया। यहां महर्षि पाणिनि संस्कृत गुरुकुल विद्यालय में पानी के समरसेबल टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने और डूबने से चार संस्कृत विद्यार्थियों की मौत हो गई, जबकि एक छात्र घायल है जिसका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया और मुख्यमंत्री ने भी मामले का संज्ञान लिया है।
जानकारी के अनुसार गुरुकुल में स्थित करीब 12 फीट गहरे समरसेबल टैंक से बदबू आ रही थी। रात करीब 10 बजे एक छात्र सफाई के लिए टैंक में नीचे उतरा। टैंक के अंदर बनी जहरीली गैस के कारण दम घुटने से वह बेहोश हो गया। उसे बचाने के लिए एक-एक कर तीन अन्य साथी भी टैंक में उतरे, लेकिन वे भी गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए।
हादसे की भनक लगते ही मौके पर मौजूद लोगों और स्थानीय पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। पांचों छात्रों को अचेत अवस्था में बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मनु कटारे, विशु, देवांश और आर्यन को मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह गुरुकुल पिछले तीन वर्षों से संचालित हो रहा है। तीन मंजिला इमारत में 200 छात्रों का पंजीकरण है और करीब 100 छात्र यहां पढ़ाई कर रहे हैं। गुरुकुल के एक छात्र ने बताया कि पानी की टंकी से आ रही बदबू को दूर करने के लिए छात्र सफाई के लिए उतरे थे।
मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि 12 फीट गहरे समरसेबल टैंक में जहरीली गैस बनने से यह हादसा हुआ है। उन्होंने कहा कि हादसा कैसे हुआ और गुरुकुल के संचालन की क्या व्यवस्था थी, इसकी गहन जांच कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने भी इस घटना का संज्ञान लिया है और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद दिए जाने का आश्वासन दिया है।


