मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े: मंडलायुक्त

अमर सैनी

नोएडा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले मरीजों को मानकों के अनुरूप सभी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य के संबंध में राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को मंडलायुक्त मेरठ मंडल मेरठ सेल्वा कुमारी जे. ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बंघेल नोएडा का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। मंडलायुक्त मेरठ मंडल मेरठ ने एनआरसी वार्ड, दवा वितरण कक्ष एवं ओपीडी का निरीक्षण करते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को मानकों के अनुरूप सभी स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध कराई जाएं तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि पात्र व्यक्तियों को राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं योजनाओं का पूरा लाभ मिले।

संभागीय आयुक्त ने दवा वितरण कक्ष का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों को बाहर से कोई दवा खरीदने की आवश्यकता न पड़े, उन्हें सभी दवाइयां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की डिस्पेंसरी से ही उपलब्ध हो जाएं तथा मरीजों को दवा के लिए अधिक देर तक इंतजार न करना पड़े तथा दवा वितरण खिड़की के पास मरीजों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। संभागीय आयुक्त ने एनआरसी वार्ड का निरीक्षण करते हुए बच्चों के अभिभावकों से बात की तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार तथा बच्चों को दिए जाने वाले आहार के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने वार्ड में सभी बच्चों को समय पर दिए जाने वाले पौष्टिक आहार, बच्चों के स्वास्थ्य, वार्ड में उपस्थित रजिस्टर, साफ-सफाई तथा स्वच्छ वातावरण की भी जांच की, जो संतोषजनक पाई गई। मण्डलायुक्त ने चिकित्सालय द्वारा बच्चों को विभिन्न योजनाओं के अन्तर्गत दिये जाने वाले लाभ के साथ-साथ फालोअप एवं लेखा रजिस्टर का भी अवलोकन किया, जिसमें उन्होंने पाया कि पात्र लाभार्थियों को समय से भुगतान नहीं किया गया, जिस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि योजनाओं के अन्तर्गत पात्र लाभार्थियों को समय से भुगतान सुनिश्चित किया जाये तथा यथाशीघ्र सम्पूर्ण भुगतान करते हुए शत-प्रतिशत भुगतान आख्या उपलब्ध करायी जाये। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि स्वास्थ्य विभाग का कोई भी अधिकारी, चिकित्सक, कर्मचारी किसी कार्य में लापरवाही या असंवेदनशीलता बरतता है तो उसके विरूद्ध तत्काल कार्यवाही की जाये। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को उपस्थिति रजिस्टर का प्रतिदिन अनुश्रवण करने के निर्देश दिये तथा चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समय के अनुसार अपनी-अपनी ड्यूटी पर उपस्थित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी जनार्दन सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ0 सुनील शर्मा, नगर मजिस्ट्रेट विवेकानन्द मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी पूनम तिवारी सहित स्वास्थ्य विभाग के सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img