Manappuram Finance Fraud: फर्जी दस्तावेजों पर 57 लोन, मन्नापुरम फाइनेंस शाखा में 7.47 करोड़ रुपये का गबन, 14 पर केस दर्ज

Manappuram Finance Fraud: फर्जी दस्तावेजों पर 57 लोन, मन्नापुरम फाइनेंस शाखा में 7.47 करोड़ रुपये का गबन, 14 पर केस दर्ज

नोएडा: सेक्टर-51 स्थित होशियारपुर गांव में मन्नापुरम फाइनेंस कंपनी की शाखा में करोड़ों रुपये के गबन का गंभीर मामला सामने आया है। कंपनी के ऑडिट में खुलासा हुआ है कि शाखा के कुछ कर्मचारियों, एजेंटों और डीलरों ने आपसी मिलीभगत कर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर 57 लोन स्वीकृत कराए, जिससे फरवरी 2023 से अगस्त 2025 के बीच लगभग 7.47 करोड़ रुपये का गबन किया गया।

कंपनी की ओर से मामले की जानकारी देते हुए प्रतिनिधि मुनाजिर हसन ने बताया कि मन्नापुरम फाइनेंस की शाखाएं कार्यालय कर्मियों, एजेंटों और डीलरों के माध्यम से लोन वितरण का काम करती हैं। हाल ही में कराए गए आंतरिक ऑडिट में वित्तीय अनियमितताएं सामने आने के बाद विस्तृत जांच की गई, जिसमें इस बड़े फर्जीवाड़े की पुष्टि हुई।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने फर्जी पहचान पत्र, जाली दस्तावेज और गलत जानकारियों के जरिए लोन स्वीकृत कराए और रकम का दुरुपयोग किया। मामले को गंभीर मानते हुए कंपनी ने थाना सेक्टर-49 में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने 14 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

नामजद आरोपियों में शाखा प्रबंधक श्रीप्रकाश, सेल्स हेड शुभेंद्र यादव, कर्मचारी दिव्यांशु बिश्नोई, अंकित कुमार, आलोक कुमार, नीतीश सक्सेना, विनय कुमार और विकास कुमार, एजेंट विजय खारी, गौरव जैन और प्रदीप कुमार, लोनधारक राज उर्फ राजू चौधरी और हरेंद्र कुमार, तथा बीएम ऑटो सेल्स और ओरियन मोटर्स के नाम शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सभी दस्तावेजों की सत्यता, बैंकिंग लेन-देन, लोन वितरण प्रक्रिया और प्रत्येक आरोपी की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी और यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी मामला दर्ज किया जाएगा।

इस घटना ने वित्तीय संस्थानों में आंतरिक नियंत्रण और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस और कंपनी प्रबंधन का कहना है कि मामले में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img