राज्य

खाटू श्याम सुंदरपुरा रेलवे स्टेशन से धार्मिक पर्यटन, रोजगार और ग्रामीण विकास को मिलेगी नई रफ्तार

सीपीआरओ बोले— स्टेशन का डिजाइन और डीपीआर तेजी से तैयार, छह माह में नींव की खुदाई शुरू होने की उम्मीद; ग्रामीणों को रोजगार, पर्यटन और विकास की नई आस

अभिषेक ब्याहुत
नई दिल्ली।

राजस्थान के सीकर जिले में प्रस्तावित खाटू श्याम सुंदरपुरा रेलवे स्टेशन न केवल बाबा खाटू श्याम मंदिर तक रेल संपर्क को बेहतर बनाएगा, बल्कि आसपास के गांवों के आर्थिक और सामाजिक विकास का भी नया आधार बनेगा। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ यह परियोजना रोजगार सृजन, स्थानीय कारोबार और ग्रामीण विकास के लिए मील का पत्थर साबित होने की उम्मीद है।

प्रस्तावित स्टेशन वर्तमान रींगस जंक्शन की तुलना में बाबा खाटू श्याम मंदिर के अधिक निकट होगा। इससे हर वर्ष मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुगम होगी। विशेष रूप से फाल्गुन मेले के दौरान, जब देशभर से करोड़ों श्रद्धालु खाटू धाम पहुंचते हैं, तब यह स्टेशन यातायात का दबाव कम करने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) अमित सुदर्शन ने बताया कि स्टेशन के डिजाइन और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) का कार्य तेजी से चल रहा है।

उन्होंने कहा, “अगले छह महीने में रेलवे स्टेशन की नींव की खुदाई का कार्य शुरू करने की उम्मीद है। स्टेशन का बाहरी स्वरूप बाबा खाटू श्याम मंदिर की स्थापत्य शैली और धार्मिक थीम पर आधारित होगा। नींव का कार्य पूरा होने के बाद निर्माण में तेजी आएगी और अगले दो वर्षों में सभी आधुनिक यात्री सुविधाओं से युक्त रेलवे स्टेशन तैयार कर लिया जाएगा।”

उन्होंने बताया कि यह स्टेशन खाटूश्यामजी–सालासर–सुजानगढ़ नई रेल लाइन परियोजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

सीपीआरओ के अनुसार, 21 फरवरी 2024 को रेलवे बोर्ड ने इस परियोजना के फाइनल लोकेशन सर्वे (एफएलएस) को मंजूरी दी थी। विस्तृत तकनीकी परीक्षण के बाद अंतिम एलाइनमेंट को स्वीकृति दी जा चुकी है तथा ड्रोन सर्वे और साइट फिजिबिलिटी का कार्य भी सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है।

उन्होंने बताया कि “स्वीकृत एलाइनमेंट के अनुसार परियोजना में कुल नौ रेलवे स्टेशन प्रस्तावित हैं, जिनमें खाटूश्यामजी, मादनी, पलसाना, राशिदपुर खोरी, हापास, सोला, सालासर बालाजी, लोधासर और सुजानगढ़ शामिल हैं। परियोजना के एल-सेक्शन को भी सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है। स्वीकृत कॉन्सेप्ट प्लान के आधार पर लागत का प्रारंभिक अनुमान तैयार किया जा चुका है, जबकि सिग्नल एवं दूरसंचार (एस एंड टी) तथा ट्रैक्शन डिस्ट्रीब्यूशन (टीआरडी) से जुड़े लागत अनुमान तैयार किए जा रहे हैं। सर्वेक्षण, एलाइनमेंट, स्टेशन योजना और प्रारंभिक तकनीकी अनुमोदन का कार्य निर्धारित समयसीमा के अनुसार आगे बढ़ रहा है।”

परियोजना की घोषणा के बाद सुंदरपुरा और आसपास के गांवों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का मानना है कि रेलवे स्टेशन बनने से क्षेत्र को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी और पर्यटन के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।

सुंदरपुरा ग्राम पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि मनोज कुमार जांगिड़ ने कहा, “खाटू श्याम सुंदरपुरा रेलवे स्टेशन की घोषणा से गांव के हर घर में खुशी का माहौल है। यह सिर्फ एक रेलवे स्टेशन नहीं, बल्कि हमारे क्षेत्र के विकास की नई शुरुआत है। सुंदरपुरा अब पूरे देश में बाबा खाटू श्याम के प्रवेश द्वार के रूप में जाना जाएगा। इस परियोजना से होटल, गेस्ट हाउस, रेस्टोरेंट, परिवहन और अन्य व्यवसायों के माध्यम से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही हमें बाबा के दर्शन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सेवा करने का सौभाग्य भी मिलेगा।”

उन्होंने आगे कहा, “ग्राम पंचायत की पांच हेक्टेयर भूमि पर एक भव्य उद्यान विकसित करने की योजना पर हमने काम शुरू कर दिया है, ताकि क्षेत्र का सौंदर्यीकरण हो और यहां आने वाले श्रद्धालुओं का गर्मजोशी से स्वागत किया जा सके। हमें विश्वास है कि यह परियोजना सुंदरपुरा सहित आसपास के गांवों के विकास को नई गति देगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए नए अवसर पैदा करेगी।”

स्थानीय लोगों का मानना है कि रेलवे स्टेशन बनने से पूरे वर्ष श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ेगी, जिससे होटल, धर्मशाला, रेस्टोरेंट, परिवहन सेवाएं, स्थानीय दुकानें और अन्य छोटे कारोबार तेजी से विकसित होंगे। इसका लाभ किसानों, कारीगरों और छोटे व्यापारियों को भी मिलेगा।

रेलवे स्टेशन के साथ-साथ बेहतर सड़कें, सार्वजनिक सुविधाएं और अन्य आधारभूत ढांचे का भी विकास होने की उम्मीद है। ग्रामीणों का मानना है कि यह परियोजना केवल रेल संपर्क तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर बदलने का माध्यम बनेगी।

परियोजना पूरी होने के बाद खाटू श्याम सुंदरपुरा रेलवे स्टेशन देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक बाबा खाटू श्याम धाम का नया प्रवेश द्वार बनेगा और शेखावाटी क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन, रोजगार और ग्रामीण समृद्धि के नए युग की शुरुआत करेगा।

 

Related Articles

Back to top button