Kalindi Kunj Traffic: कालिंदी कुंज और ओखला पक्षी विहार का रास्ता आज से वाहनों के लिए पूरी तरह खुलेगा
नोएडा। कांवड़ियों की आवाजाही के चलते करीब दस दिन से बंद कालिंदी कुंज और ओखला पक्षी विहार का रास्ता बुधवार से वाहनों के लिए पूरी तरह खोल दिया जाएगा। इससे दिल्ली और नोएडा के बीच इस मार्ग से आने-जाने वाले वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
यातायात पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार को सावन शिवरात्रि के अवसर पर बड़ी संख्या में कांवड़ियों ने अपने घरों और आसपास के मंदिरों में पहुंचकर जलाभिषेक किया। हालांकि, कुछ कांवड़िये धीमी गति से यात्रा करने या अन्य कारणों से समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके।
इसी वजह से मंगलवार शाम तक भी कुछ कांवड़िये चिल्ला बॉर्डर से ओखला पक्षी विहार और कालिंदी कुंज होते हुए आगे की ओर जा रहे थे। कांवड़ियों की सुरक्षा और उनकी आवाजाही को देखते हुए मंगलवार को भी यातायात व्यवस्था में कुछ प्रतिबंध जारी रहे।
कालिंदी कुंज पर दिल्ली की ओर से आने वाली एक सड़क को मंगलवार को वाहनों के लिए नहीं खोला गया था। पुलिस की ओर से कांवड़ियों की आवाजाही को प्राथमिकता देते हुए यातायात को नियंत्रित किया गया।
यातायात पुलिस ने बताया कि बुधवार सुबह से कालिंदी कुंज और ओखला पक्षी विहार के दोनों रास्ते वाहनों के लिए खोल दिए जाएंगे। रास्ते खुलने के बाद दिल्ली-नोएडा के बीच इस मार्ग पर वाहन चालकों को पहले की तरह आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
करीब दस दिन तक मार्ग पर प्रतिबंध रहने के कारण वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना पड़ रहा था। इसके चलते दिल्ली-नोएडा के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया था। अब मार्ग खुलने के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य होने की उम्मीद है।



