Jahangirpur Firing: घर के बाहर फायरिंग करने वाला एक आरोपी गिरफ्तार, अवैध तमंचा बरामद

Jahangirpur Firing: घर के बाहर फायरिंग करने वाला एक आरोपी गिरफ्तार, अवैध तमंचा बरामद
नोएडा। जेवर कोतवाली क्षेत्र के जहांगीरपुर कस्बे में एक घर के बाहर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा बरामद किया है। मामले में फरार दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
जहांगीरपुर कस्बे में रहने वाले रेशमपाल ने पुलिस को बताया कि 25 मई को दो आरोपी उनके घर के बाहर पहुंचे और फायरिंग की। आरोप है कि दोनों ने घर में घुसकर मारपीट भी की। पीड़ित के अनुसार, आरोपी एक ढाबे पर कब्जा करने के लिए दबाव बना रहे थे।
घटना के दौरान घर के बाहर हुई फायरिंग की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थीं। घटना से संबंधित वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने जहांगीरपुर निवासी शेखर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध तमंचा बरामद किया गया। पुलिस अब उसके फरार साथी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में फायरिंग और मारपीट के पीछे के विवाद की भी जांच की जा रही है।





