हरियाणा, चंडीगढ़: मुख्यमंत्री ने शहीद दिनेश कुमार शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित कर परिजनों का बंधाया ढांढस

हरियाणा, चंडीगढ़, 15 मई– गत दिनों पाकिस्तानी सेना द्वारा पुंछ सीमा पर किए गए हमले में शहीद हुए जिला पलवल के उपमंडल होडल के लांस नायक शहीद दिनेश कुमार शर्मा को श्रद्धांजलि देने के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी गुरुवार को गांव नगला मोहम्मदपुर पहुंचे। उन्होंने शहीद दिनेश कुमार शर्मा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए शहीद को नमन किया और भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार और पूरा क्षेत्र उनके परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने शहीद के परिजनों का ढांढ़स बंधाया और उन्हें हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर सपूत शहीद दिनेश कुमार शर्मा ने सीमा पर पाकिस्तान की ओर से हुई गोलीबारी का डटकर मुकाबला करते हुए मातृभूमि की रक्षा में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया, जिस पर सभी भारतवासियों को गर्व है। उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय दिनेश कुमार शर्मा पुंछ सीमा पर लांस नायक के पद पर तैनात थे।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि शहीद दिनेश कुमार शर्मा के परिजनों को सरकार की योजना के अनुसार आर्थिक मदद व सुविधाएं दी जाएंगी। शहीद दिनेश कुमार शर्मा के पिता दयाचंद ने गांव में ढाई बीघा जमीन पर पार्क बनाने की बात कही जिस पर मुख्यमंत्री ने शहीद के नाम पर पार्क बनवाने का आश्वासन दिया।

इसके उपरांत मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने गांव के सरपंच कुमार युगपुरूष के निवास स्थान पर पहुंचकर सरपंच के दादा स्वर्गीय पंडित शीशराम पाठक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नमन किया। उन्होंने परिवार को सांत्वना दी और ढांढ़स बंधाया।

महिलाओं की मांग पर मुख्यमंत्री ने की प्राथमिक पाठशाला को अपग्रेड करने की घोषणा :

गांव से लौटते समय मार्ग पर महिलाओं को देखकर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अपना काफिला रुकवाया और ग्रामीण महिलाओं की मांगों को सुना। महिलाओं ने मुख्यमंत्री के समक्ष गांव की प्राथमिक पाठशाला को अपग्रेड करने की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने मौके पर ही तुरंत गांव की प्राथमिक पाठशाला को अपग्रेड करने की घोषणा की।

इस अवसर पर केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री श्री कृष्णपाल गुर्जर, हरियाणा के खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम, विधायक श्री हरेंद्र सिंह सहित गांव के अनेक गणमान्य लोग तथा अधिकारी मौजूद रहे।

भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img