Hapur News : हापुड़ के हाफिजपुर थाना क्षेत्र में खेतों के बीच चल रही एक फैक्ट्री में सरकारी अनुदानित यूरिया के अवैध इस्तेमाल का भंडाफोड़ हुआ है। आरोप है कि सब्सिडी वाले यूरिया को पीसकर पशु आहार में मिलाया जा रहा था।
शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे जिला कृषि अधिकारी गौरव कुमार को बुलंदशहर रोड बाइपास के पास फैक्ट्री चलने की सूचना मिली थी। सूचना पर टीम ने छापेमारी की तो मौके पर यूरिया को मशीनों से पीसकर मुर्गी के दाने में मिलाया जा रहा था। मौके से 184 कट्टे सरकारी यूरिया बरामद किए गए और तीन युवकों को यूरिया पीसते हुए पकड़ा गया। सुरक्षा के लिहाज से मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
जांच में पता चला है कि फैक्ट्री का संचालन कामिल नाम का व्यक्ति कर रहा था। कृषि विभाग अब यह पता लगा रहा है कि यह यूरिया कहां से खरीदा गया और फैक्ट्री तक कैसे पहुंचा। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि यूरिया के दो नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। प्रथम दृष्टया यह पशु आहार में यूरिया के उपयोग का मामला है। फैक्ट्री को सीज कर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


