Hapur News : हापुड़ में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने गढ़मुक्तेश्वर स्थित शिव फूड प्रोडक्ट्स की वेजिटेबल फैट यूनिट पर देर रात कार्रवाई की। सहायक आयुक्त चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में पहुंची टीम ने मौके से 752 लीटर कुकिंग मीडियम को सीज कर दिया, जिसकी कीमत करीब 4.70 लाख रुपये आंकी गई है। जांच में सामने आया कि यूनिट के रजिस्ट्रेशन और मौके पर हो रहे निर्माण में अंतर है।
टीम ने मौके से दो पैक और एक खुले कुकिंग मीडियम के कुल तीन नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। कार्रवाई के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मोहित कुमार, विपिन कुमार, सोमेंद्र सिंह और सहरिश सदात मौजूद रहे। विभाग ने बताया कि यूनिट में मिली कमियों को दूर करने के लिए सुधार नोटिस दिया जाएगा और जब्त माल को कारोबारी की सुपुर्दगी में रखा गया है। सहायक आयुक्त ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई होगी और मिलावट किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





