Hapur News : हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र में मोदीनगर रोड स्थित बदनौली जंगल में एक युवक की हत्या से सनसनी फैल गई। बुधवार सुबह युवक का शव उसके ही खेत में पड़ा मिला। मृतक के सिर पर भारी वस्तु से चोट के निशान मिले हैं जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। शव मिलने की सूचना पर इलाके में अफरा तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।

मृतक की पहचान आदर्श नगर कॉलोनी निवासी अमन सागर पुत्र हंसराज के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि अमन सोमवार शाम अपनी स्कूटी से घर से निकला था और उसके बाद वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला। बुधवार सुबह बदनौली पेट्रोल पंप के पास खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों ने शव देखा और पुलिस को सूचना दी। बाद में पता चला कि जिस खेत में शव मिला है वह मृतक के परिवार का ही है।
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ दीपक चतुर्वेदी सहित कई थानों की पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और मृतक की स्कूटी को कब्जे में लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह और एएसपी महेश कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और परिजनों से बात की। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में पैसों के लेन देन और आपसी रंजिश की बात सामने आ रही है। पुलिस मोदीनगर रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और मृतक की कॉल डिटेल के आधार पर जांच कर रही है और जल्द खुलासे की बात कह रही है।


