Hapur News : हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान ग्राम मुबारकपुर निवासी कृष्णा उर्फ हप्पू के रूप में हुई है। वह लंबे समय से किशोरी का पीछा कर रहा था और रास्ते में अभद्र टिप्पणी कर उसे परेशान करता था। उसकी हरकतों से तंग आकर किशोरी ने दो महीने पहले कुचेसर रोड चौपला स्थित ब्यूटी पार्लर जाना भी छोड़ दिया था।
पीड़िता की मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 जुलाई की दोपहर किशोरी घर में अकेली थी। इसी दौरान आरोपी जबरन घर में घुस आया और उसके साथ अश्लील हरकत की। विरोध करने पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी और दुष्कर्म किया। घटना के समय किशोरी की छोटी बहन ने आरोपी को देख लिया और अपनी मां को इसकी जानकारी दी। मां के घर पहुंचने पर आरोपी ने उन्हें भी धमकाया और मौके से फरार हो गया।
शिकायत के आधार पर बाबूगढ़ पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस टीम ने आरोपी को उपैड़ा फ्लाईओवर के पास बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


