Hapur News : हापुड़ में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के मुजफ्फरा बांगड़पुर गांव में एक डेयरी पर छापेमारी की। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे गजेंद्र सिंह की डेयरी पर पहुंची टीम ने क्रीम, रिफाइंड, दही और दूध के एक-एक नमूने लिए। जांच के दौरान मिलावट की आशंका पर 18 किलो क्रीम और करीब 25 लीटर तेल-वनस्पति के मिश्रण को मौके पर नष्ट कर दिया गया।
इस कार्रवाई के बाद मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त चंद्रशेखर मिश्र ने बताया कि यह अभियान आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश और जिलाधिकारी हापुड़ के निर्देश पर चलाया जा रहा है। नमूनों को प्रयोगशाला भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


