Hapur News : हापुड़ में थाना देहात पुलिस को गौरव त्यागी हत्याकांड में बड़ी सफलता मिली है। चेकिंग के दौरान मुख्य आरोपी से मुठभेड़ हो गई। आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से अवैध असलहा, जिंदा और खोखा कारतूस तथा घटना में इस्तेमाल की गई वैगनआर कार बरामद की गई है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
प्रारंभिक पूछताछ में घायल बदमाश ने अपना नाम प्रदीप पुत्र राजबीर निवासी ग्राम मोहम्मदपुर आजमपुर थाना बाबूगढ़ जनपद हापुड़ बताया है। आरोप है कि उसने अपने भाइयों और अन्य साथियों के साथ मिलकर पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर 18 अगस्त 2026 को हापुड़ देहात थाना क्षेत्र में अपने ही गांव के रहने वाले गौरव त्यागी की हथौड़े और सरियों से वार कर हत्या कर दी थी। इस संबंध में हापुड़ देहात थाने में मुकदमा संख्या 353/26 धारा 191(2), 191(3), 190, 103(1), 61(2) बीएनएस के तहत दर्ज है।
इस मामले में प्रदीप लगातार फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। मुठभेड़ की जानकारी क्षेत्राधिकारी नगर अनीता चौहान ने दी।


