Hapur News : हापुड़ के अक्खापुर गांव के जंगल में गुरुवार सुबह नीलगाय के बच्चे का शव पेड़ पर लटका हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह करीब 11 बजे ग्रामीणों ने शव देखा तो दहशत का माहौल बन गया। प्रथम दृष्टया इसे तेंदुए के शिकार के तौर पर देखा जा रहा है, हालांकि वन विभाग की जांच रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह किस जंगली जानवर का काम है।
गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के जंगलों में लंबे समय से तेंदुआ देखे जाने की चर्चाएं चल रही हैं। इस घटना के बाद तेंदुए की मौजूदगी की आशंका और गहरी हो गई है। जंगली जानवरों की बढ़ती हलचल को देखते हुए किसान और ग्रामीण खेतों की ओर अकेले जाने से परहेज कर रहे हैं।
घटना की सूचना पर नानपुर चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने मामले की जानकारी वन विभाग को दी। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। विभाग ने ग्रामीणों से अकेले जंगल की तरफ न जाने की अपील की है और वन्यजीव से जुड़ी किसी भी सूचना के लिए 1926 हेल्पलाइन पर संपर्क करने को कहा है।


