राज्यट्रेंडिंग

Gwalior Bride Death Case: इंस्टाग्राम पर मुस्कुराती दिखी पलक, मौत से पहले भाई को किया आखिरी कॉल

Gwalior Bride Death Case: इंस्टाग्राम पर मुस्कुराती दिखी पलक, मौत से पहले भाई को किया आखिरी कॉल

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मुरार थाना क्षेत्र के सुरैयापुरा इलाके में रहने वाली पलक रजक की अचानक हुई मौत के बाद परिवार सदमे में है। इस मामले में अब सवाल उठ रहे हैं कि यह आत्महत्या है या फिर किसी साजिश के तहत हत्या। पुलिस फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

परिजनों के मुताबिक पलक की शादी अप्रैल 2025 में अमित रजक के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही उसे दहेज के लिए परेशान किया जाने लगा था। मृतका के भाई प्रिंस का आरोप है कि ससुराल पक्ष लगातार कार की मांग कर रहा था। इतना ही नहीं, पलक के नाम पर बनी एक लाख रुपये की एफडी भी तुड़वाकर पैसे अपने पास रख लिए गए। परिवार का दावा है कि उसके गहने भी ससुराल वालों ने अपने कब्जे में रखे हुए थे।

पलक सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती थी और इंस्टाग्राम पर उसके करीब 10 हजार फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं। उसकी प्रोफाइल पर मुस्कुराते हुए वीडियो और रील्स नजर आती थीं, लेकिन हाल के दिनों में उसने कई ऐसे पोस्ट शेयर किए थे जिनमें वह तनाव, डिप्रेशन और एंग्जायटी जैसी मानसिक परेशानियों से जूझती दिखाई दे रही थी। इन पोस्ट्स के सामने आने के बाद मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है।

परिजनों का कहना है कि 12 मई को मौत से करीब आधे घंटे पहले पलक ने अपने भाई प्रिंस को फोन किया था। फोन पर वह काफी परेशान लग रही थी और उसने भाई से कहा था कि उसे तुरंत वहां से ले जाया जाए। प्रिंस जब उसे लेने के लिए निकलने की तैयारी कर रहे थे, तभी परिवार को सूचना मिली कि पलक की तबीयत बिगड़ गई है और उसे अस्पताल ले जाया गया है।

जब परिवार अस्पताल पहुंचा तो डॉक्टरों ने पलक को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद से मायके पक्ष लगातार इसे हत्या का मामला बता रहा है। परिवार का आरोप है कि पलक लंबे समय से प्रताड़ना झेल रही थी और उसकी मौत की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

वहीं ससुराल पक्ष का कहना है कि पलक ने खुदकुशी की है। उनका दावा है कि घटना के समय घर में कोई विवाद नहीं हुआ था। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

सीएसपी रॉबिन जैन के अनुसार शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल फोन की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं और सोशल मीडिया गतिविधियों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।

 

Related Articles

Back to top button