गुजरात की कंपनी से हड़पे लाखों रुपये, केस दर्ज

अमर सैनी

नोएडा। गुजरात की एक कंपनी के साथ नोएडा में ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि नोएडा की दो कंपनियों ने करीब 63,96,611 रुपये हड़प लिए। पीड़िता की शिकायत पर थाना सेक्टर-63 पुलिस ने दो कंपनियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गुजरात के वडोदरा निवासी राधेश्याम सिंह तोमर ने दर्ज कराई एफआईआर में बताया कि वह स्टैंडर्ड सिक्योरिटी एंड मैन पावर सॉल्यूशन नामक कंपनी में मैनपावर, सुरक्षाकर्मी और पेरोल मैनेजमेंट का काम करते हैं। उन्होंने सेक्टर-63 स्थित नोएडा की दो कंपनियों आरव इंटरनेशनल और शगुन क्रिएशन के साथ पेरोल मैनेजमेंट का काम किया था। दोनों कंपनियों ने उन्हें वर्क ऑर्डर की शर्तों के अनुसार तय समय में पैसे देने का वादा किया था। शर्तों के अनुसार उनके कर्मचारियों के खातों में 49,28,053 रुपये ट्रांसफर किए गए। इसके अलावा 9,75,753 रुपये जीएसटी और 4,92,805 रुपये सर्विस चार्ज बनाया गया। इस वर्क ऑर्डर के अनुसार दोनों कंपनियों को तय अवधि में कुल 63,96,611 रुपये का भुगतान करना था, लेकिन दोनों कंपनियों ने भुगतान के एवज में चेक दिए। जब चेक बैंक में लगाए गए तो वे बाउंस हो गए। रकम का भुगतान न करने पर दोनों कंपनियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img