उत्तर प्रदेशराज्य

Noida Suicide Case: नोएडा में किराना व्यापारी की संदिग्ध मौत, पोस्टमार्टम में आत्महत्या की पुष्टि, मोबाइल फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया

Noida Suicide Case: नोएडा में किराना व्यापारी की संदिग्ध मौत, पोस्टमार्टम में आत्महत्या की पुष्टि, मोबाइल फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया

नोएडा में एक किराना व्यापारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में नया अपडेट सामने आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि व्यापारी ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मृतक के मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है, ताकि आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।

मृतक की पहचान पी-4 निवासी राहुल बिधूड़ी (30) के रूप में हुई है, जिनका शव रविवार को कोफोर्ज कंपनी के पास गांव घरबरा क्षेत्र में उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी के अंदर संदिग्ध हालात में मिला था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को मृतक के हाथ में एक पिस्टल मिली, जिसमें एक खोखा कारतूस फंसा हुआ था। साथ ही गाड़ी के शीशे पर गोली निकलने का निशान भी पाया गया, जिससे यह साफ हुआ कि गोली गाड़ी के अंदर से चलाई गई थी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसके बाद रिपोर्ट में आत्महत्या की पुष्टि हुई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिनके द्वारा अंतिम संस्कार कर दिया गया है।

हालांकि, मृतक के परिजनों ने अब तक पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी है, लेकिन पुलिस ने अपने स्तर पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। मृतक के मोबाइल की फॉरेंसिक जांच के जरिए यह जानने की कोशिश की जा रही है कि घटना के पीछे कोई व्यक्तिगत, आर्थिक या अन्य कारण तो नहीं था।

पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button