Greater Noida: कूलर में उतरे करंट की चपेट में आने से महिला की मौत
नोएडा। दनकौर थाना क्षेत्र के पीपलका गांव में शनिवार को कूलर में उतरे करंट की चपेट में आने से 46 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन उन्हें गंभीर हालत में दनकौर स्थित निम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार पिंकी शनिवार सुबह अपने घर में झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान उनका हाथ कूलर से छू गया। बताया जा रहा है कि कूलर में करंट उतर आया था, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं।
परिजनों ने बताया कि एक वर्ष पहले उनके पति का निधन हो चुका था और वह अकेले ही परिवार की जिम्मेदारियां निभा रही थीं। उनकी अचानक मौत से परिवार में शोक की लहर है।
दनकौर कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को मिली थी, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।



