Greater Noida Water Crisis: पांच हजार परिवार पानी की किल्लत से परेशान, सोसाइटी में टैंकरों से हो रही आपूर्ति

Greater Noida Water Crisis: पांच हजार परिवार पानी की किल्लत से परेशान, सोसाइटी में टैंकरों से हो रही आपूर्ति

नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित महागुण माईवुड्स सोसाइटी में पानी का संकट लगातार बना हुआ है। शनिवार को भी सोसाइटी के हजारों निवासियों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ा। लोगों का आरोप है कि पानी की सप्लाई जल्द सामान्य करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन कई दिनों बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।

सोसाइटी के करीब पांच हजार से अधिक परिवार पानी की समस्या से प्रभावित हैं। निवासियों के अनुसार गंगा जल की आपूर्ति बाधित होने को समस्या का कारण बताया जा रहा है। वहीं मेंटेनेंस प्रबंधन ने नोटिस जारी कर लोगों से पानी का सीमित और सावधानीपूर्वक उपयोग करने की अपील की है।

महागुण माईवुड्स अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल वर्मा ने बताया कि पिछले करीब 15 दिनों से सोसाइटी में पानी का प्रेशर कम आ रहा है। उन्होंने कहा कि अगर पंप हाउस की खराब मोटरों की जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है।

पानी की कमी को देखते हुए सोसाइटी में टैंकर मंगवाए जा रहे हैं, लेकिन बढ़ती मांग के कारण टैंकरों से भी सभी परिवारों की जरूरत पूरी नहीं हो पा रही है।

वहीं पंचशील ग्रीन्स-1 सोसाइटी के कई टावरों में भी पानी की आपूर्ति प्रभावित रही। निवासियों के अनुसार सोसाइटी की तीन मोटरों में से एक मोटर खराब हो गई थी, जिसके कारण पानी की सप्लाई प्रभावित हुई।

निवासी मयंक ने बताया कि फिलहाल दो मोटरों के सहारे पानी की व्यवस्था की जा रही है, लेकिन अधिक खपत के कारण कई टावरों में पानी जल्दी खत्म हो जाता है। हालांकि सोसाइटी सचिव संदीप चौधरी ने बताया कि अब हर टावर में पानी की सप्लाई की जा रही है और खराब मोटर को ठीक करा लिया गया है।

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img