Greater Noida Robbery: पति के बेंगलुरु जाने के बाद विला में घुसा बदमाश, महिला को चाकू की नोक पर बंधक बनाकर 15 लाख की लूट

Greater Noida Robbery: पति के बेंगलुरु जाने के बाद विला में घुसा बदमाश, महिला को चाकू की नोक पर बंधक बनाकर 15 लाख की लूट
ग्रेटर नोएडा की एक हाई-प्रोफाइल सोसाइटी में देर रात हुई लूट की वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी के एक विला में घुसे बदमाश ने महिला को चाकू की नोक पर बंधक बनाकर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी लूट ली। घटना के समय महिला अपने बच्चों के साथ घर में मौजूद थीं, जबकि उनके पति काम के सिलसिले में बेंगलुरु गए हुए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी की निवासी अर्पणा ने शिकायत में बताया कि 4 जुलाई की रात परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। रविवार तड़के करीब 3:30 बजे एक अज्ञात बदमाश उनके मास्टर बेडरूम में घुस आया। उस समय वह अपने बेटे और बेटी के साथ कमरे में थीं, जबकि उनकी सास नीचे वाले कमरे में सो रही थीं।
पीड़िता के मुताबिक बदमाश के हाथ में चाकू था। उसने महिला को डराते हुए विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने परिवार को नुकसान पहुंचाने की चेतावनी देकर महिला को बंधक बनाए रखा, जिसके कारण वह किसी तरह का विरोध नहीं कर सकीं। इसके बाद बदमाश ने पूरे घर में रखे कीमती सामान की तलाशी ली और जेवरात व नकदी समेटकर मौके से फरार हो गया।
शिकायत के अनुसार आरोपी दो सोने की चेन, दो सोने की अंगूठियां, कानों के दो जोड़े सहित अन्य कीमती आभूषण और घर में रखी 35 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गया। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।
महिला ने पुलिस को बताया कि घटना के दौरान घर में केवल एक ही बदमाश था और उन्होंने उसका चेहरा स्पष्ट रूप से देखा है। उन्होंने कहा कि यदि आरोपी दोबारा सामने आता है तो वह उसकी पहचान कर सकती हैं। पीड़िता ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही सूरजपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। साथ ही बदमाश के आने और फरार होने के संभावित रास्तों की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय लोगों से पूछताछ और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की मदद से जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषी को जल्द कानून के दायरे में लाया जाएगा।





