Greater Noida Road Safety Drive: दुर्घटना संभावित एरिया में सुरक्षा के लिए प्राधिकरण का विशेष अभियान शुरू

Greater Noida Road Safety Drive: दुर्घटना संभावित एरिया में सुरक्षा के लिए प्राधिकरण का विशेष अभियान शुरू

नोएडा। नोएडा में सड़क किनारे बने बेसमेंट में कार गिरने और पानी में डूबने से एक इंजीनियर की मौत की दर्दनाक घटना के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पूरी तरह सतर्क हो गया है। इस घटना से आहत प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने सड़क पर या उसके आसपास मौजूद किसी भी तरह के गड्ढे को तत्काल चिन्हित कर भरने के सख्त निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही सभी सड़कों पर दिशा संकेतक, चेतावनी बोर्ड और अन्य जरूरी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के आदेश भी जारी किए गए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

सीईओ के निर्देशों के क्रम में एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने रविवार देर शाम महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह और सभी वर्क सर्किल प्रभारियों के साथ ऑनलाइन बैठक की। बैठक में सभी सहायक प्रबंधकों, प्रबंधकों और वरिष्ठ प्रबंधकों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर गड्ढों, शार्प यूटर्न, ब्लैक स्पॉट और अन्य दुर्घटना संभावित स्थानों को चिन्हित करने और वहां सुरक्षा के सभी आवश्यक उपाय करने के निर्देश दिए गए। इस कार्य को पूरा करने के लिए तीन दिन की समय-सीमा तय की गई है। प्राधिकरण ने इस विशेष अभियान की शुरुआत सोमवार से ही कर दी है।

एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस और एसीईओ सुमित यादव की निगरानी में परियोजना विभाग की टीमें फील्ड में उतर चुकी हैं। महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह के नेतृत्व में सभी वर्क सर्किल के वरिष्ठ प्रबंधक और उनकी टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर दुर्घटना संभावित लोकेशनों की पहचान कर रही हैं और मौके पर ही सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। सड़कों पर रोड मार्कर लगाए जा रहे हैं, कैट्स आई इंस्टॉल की जा रही हैं, सेंट्रल वर्ज की दीवारों पर पेंट और रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं। जिन नालों पर दीवार नहीं है, वहां बेरिकेडिंग की जा रही है, जबकि मुख्य मार्गों से जुड़ने वाले संपर्क मार्गों पर स्पीड ब्रेकर लगाए जा रहे हैं।

प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने खुद 130 मीटर चौड़ी सड़क, सेक्टर दो और तीन सहित कई क्षेत्रों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा के सभी उपाय तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने ब्लैक स्पॉट को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर उन्हें दुरुस्त करने को कहा है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित वर्क सर्किल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सड़क सुरक्षा के साथ-साथ विद्युत अभियांत्रिकी विभाग को भी निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी मार्ग पर अंधेरा नहीं रहना चाहिए। सभी सड़कों पर लगी स्ट्रीट लाइटों का परीक्षण कर उन्हें दुरुस्त करने को कहा गया है। इसके अलावा बिल्डरों को भी सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी निर्माणाधीन साइटों पर सुरक्षा के सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करें और किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने बताया कि सभी दुर्घटना संभावित लोकेशनों को चिन्हित कर वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी वर्क सर्किल को शपथ पत्र देना होगा, जिसमें यह प्रमाणित करना होगा कि उनके क्षेत्र में मौजूद सभी जोखिम वाले स्थानों पर सुरक्षा के सभी उपाय पूरे कर दिए गए हैं। सीईओ के निर्देशानुसार परियोजना विभाग सड़क हादसों को रोकने के लिए हर जरूरी कदम उठा रहा है। साथ ही एसीईओ ने वाहन चालकों से भी अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित ड्राइविंग करें।

Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img