Greater Noida Railway Hub: ग्रेटर नोएडा को रेलवे का बड़ा हब बनाया जाए, दादरी और बोड़ाकी में मिले लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव: सुरेंद्र नागर

Greater Noida Railway Hub: ग्रेटर नोएडा को रेलवे का बड़ा हब बनाया जाए, दादरी और बोड़ाकी में मिले लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव: सुरेंद्र नागर

ग्रेटर नोएडा को रेलवे के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की मांग अब संसद तक पहुंच गई है। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव और राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर ने मंगलवार को राज्यसभा में शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा जोरशोर से उठाया। उन्होंने कहा कि ग्रेटर नोएडा की आबादी तेजी से बढ़ रही है, लेकिन इसके अनुपात में रेलवे सुविधाओं का विकास नहीं हो पाया है, जिससे लाखों लोगों को रोजमर्रा की आवाजाही में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

सदन में अपनी बात रखते हुए सुरेंद्र नागर ने कहा कि ग्रेटर नोएडा की जनसंख्या 12 लाख से अधिक हो चुकी है। यहां उत्तर प्रदेश के अलावा बिहार, झारखंड और आसपास के कई राज्यों से लोग आकर बस चुके हैं। बड़ी संख्या में छात्र भी देश के अलग-अलग हिस्सों से शिक्षा के लिए ग्रेटर नोएडा आते हैं। इसके बावजूद यहां से लंबी दूरी की ट्रेन पकड़ने के लिए लोगों को 40 से 50 किलोमीटर दूर गाजियाबाद या दिल्ली का रुख करना पड़ता है, जो समय और खर्च दोनों के लिहाज से बड़ी समस्या है।

उन्होंने बताया कि ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में दादरी और बोड़ाकी जैसे महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन मौजूद हैं, जिनसे प्रतिदिन प्रयागराज रीवा सुपरफास्ट एक्सप्रेस, वंदे भारत एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस और शिवगंगा एक्सप्रेस जैसी कई प्रमुख ट्रेनें गुजरती हैं। हैरानी की बात यह है कि इतनी महत्वपूर्ण ट्रेनें गुजरने के बावजूद इन स्टेशनों पर उनका ठहराव नहीं दिया गया है। सांसद ने मांग की कि इन ट्रेनों को दादरी और बोड़ाकी स्टेशन पर ठहराव की अनुमति दी जाए, जिससे क्षेत्र के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिल सके।

सुरेंद्र नागर ने यह भी कहा कि ग्रेटर नोएडा को भविष्य की जरूरतों के अनुसार रेलवे हब के रूप में विकसित किया जाना बेहद जरूरी है। इसके लिए बोड़ाकी रेलवे स्टेशन का तेजी से विकास किया जाए और वहां आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इससे न सिर्फ स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में यातायात के दबाव को भी कम किया जा सकेगा।

उन्होंने केंद्र सरकार से इस मांग पर गंभीरता से विचार करने की अपील करते हुए कहा कि ग्रेटर नोएडा जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहर को मजबूत रेलवे नेटवर्क से जोड़ना जनहित में बेहद आवश्यक है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img