PNB Bank Fraud: ग्रेटर नोएडा की पीएनबी शाखा में 35 करोड़ की कथित अनियमितता का आरोप
नोएडा। ग्रेटर नोएडा के ऐच्छर गांव स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा में करीब 35 करोड़ रुपए की कथित वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। आरोप है कि खाताधारकों की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) तोड़कर उनकी रकम दूसरे लोगों के खातों में ट्रांसफर कर दी गई। मामले की जानकारी मिलने पर खाताधारकों में आक्रोश फैल गया। मंगलवार को बड़ी संख्या में लोग बैंक पहुंचे और हंगामा किया।
पीड़ित खाताधारकों ने अपनी जमा पूंजी की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और रकम वापस दिलाने की मांग की। आरोप है कि लोगों ने मेहनत की कमाई बैंक में FD के रूप में जमा की थी, लेकिन उनकी जानकारी के बिना रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दी गई।
करीब 35 करोड़ रुपए की कथित अनियमितता सामने आने के बाद बैंकिंग व्यवस्था और खाताधारकों की जमा पूंजी की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि FD किस प्रक्रिया के तहत तोड़ी गईं, रकम किन खातों में ट्रांसफर की गई और इस मामले में किन लोगों की भूमिका रही।
फिलहाल बैंक प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। कथित घोटाले की वास्तविक राशि, जिम्मेदार लोगों और रकम की बरामदगी से जुड़ी स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।




