Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में छह महीने से रुकी गंगाजल आपूर्ति फिर से सुचारू
नोएडा। ग्रेटर नोएडा में लंबे समय से ठप गंगाजल की आपूर्ति अब फिर से सुचारू हो गई है। शहर में मुख्य पाइपलाइन के तीन स्थानों पर फटने और लीक होने के कारण पिछले छह महीनों से गंगाजल की सप्लाई बाधित रही थी। इस समस्या को ठीक करने में अधिकारियों को काफी समय लगा।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने देहरा से पाइपलाइन डालकर गंगाजल की आपूर्ति सुनिश्चित की। देहरा और पल्ला के बीच लगभग 17 किलोमीटर की दूरी में मुख्य पाइपलाइन तीन जगहों पर लीक हो गई थी, जिसके कारण जुलाई में गंगाजल की सप्लाई पूरी तरह से बंद हो गई थी। पाइपलाइन बंद रहने और लंबे समय तक सप्लाई न होने के कारण पाइपलाइन में मिट्टी जमा हो गई थी, जिसकी सफाई भी कराई गई।
किसानों के विरोध और तकनीकी कठिनाइयों के कारण पाइपलाइन को सही करने में अधिक समय लगा। प्राधिकरण ने बताया कि भूजल की आपूर्ति इस दौरान जारी रही। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक जल विभाग, विनोद कुमार शर्मा ने कहा कि शहर के सेक्टर अल्फा, बीटा, गामा, डेल्टा समेत कई सेक्टरों में गंगाजल की आपूर्ति सुचारू कर दी गई है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टरों में भी जल्द ही गंगाजल की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
प्राधिकरण का दावा है कि समस्या का स्थायी समाधान किया गया है और भविष्य में ऐसी बाधा नहीं आने दी जाएगी। नागरिकों ने राहत जताई है और अब शहर में गंगाजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित होने की उम्मीद है।
