Greater Noida illegal towers: ग्रेनो वेस्ट में आठ अवैध टावर सील, प्राधिकरण ने दी कड़ी चेतावनी

Greater Noida illegal towers: ग्रेनो वेस्ट में आठ अवैध टावर सील, प्राधिकरण ने दी कड़ी चेतावनी

नोएडा। ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति और नक्शा पास किए गए निर्माण पर गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की गई। ग्रेनो वेस्ट के खेड़ा चौगानपुर में प्राधिकरण ने अवैध रूप से बने आठ रिहायशी टावर को सील कर दिया। इस सोसाइटी में 100 से अधिक फ्लैट बनाए गए थे, जिनमें से अधिकांश का निर्माण प्राधिकरण की मंजूरी के बिना किया गया था।

ग्रेटर नोएडा में कॉलोनाइजर अवैध कॉलोनियां काटकर फ्लैट और विला बना रहे हैं। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एनजी ने अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद भूलेख और परियोजना विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त करने और सील करने की कार्रवाई शुरू की।

गुरुवार को पुलिस बल की मौजूदगी में खेड़ा चौगानपुर गांव, खसरा संख्या-109 में स्थित भूखंड पर बनाए गए आठ टावर को सील किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इन टावरों का नक्शा भी पास नहीं था। कार्रवाई प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव की निगरानी में हुई। मौके पर ओएसडी अभिषेक पाठक, ओएसडी राम नयन सिंह, वर्क सर्किल-3 के वरिष्ठ प्रबधंक राजेश कुमार निम, प्रभारी वरिष्ठ प्रबधंक प्रभात शंकर, सहायक प्रबंधक राजीव मोतला और स्थानीय पुलिस व प्राधिकरण के सुरक्षाकर्मी मौजूद थे।

एसीईओ सुमित यादव ने चेतावनी दी कि अधिसूचित क्षेत्र में अनुमति या नक्शा पास किए बिना किए जाने वाले किसी भी निर्माण पर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन या फ्लैट खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से पूरी जानकारी जरूर प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि अवैध कॉलोनी में अपनी मेहनत की कमाई को जोखिम में न डालें।

अधिकारियों का कहना है कि प्राधिकरण इस तरह की अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करता रहेगा। इस कार्रवाई से यह संदेश गया है कि ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी तरह का अनधिकृत निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img