Greater Noida Farmhouse Theft: फार्म हाउस से मशीनें चोरी करने की कोशिश, दो आरोपी पकड़े गए
नोएडा। थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के सेक्टर-151 स्थित सैनिक फार्म हाउस में चोरी की कोशिश को केयरटेकर की सूझबूझ से नाकाम कर दिया गया। केयरटेकर ने आसपास के लोगों की मदद से दो आरोपियों को चोरी की मशीनों के साथ मौके पर पकड़ लिया। पुलिस ने फार्म मालिक की शिकायत पर दोनों के खिलाफ बुधवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली निवासी फार्म मालिक आशीष गोयल के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब पांच बजे केयरटेकर मटरू ने फोन कर फार्म में कुछ लोगों के घुसने की जानकारी दी। आशीष के कहने पर मटरू ने गेट खोलकर देखा तो दो व्यक्ति फार्म से मशीनें बाहर ले जाने की कोशिश कर रहे थे। इनमें चार हॉर्स पावर का रोटावेटर और बिजली से चलने वाली घास काटने की मशीन शामिल थी।
मटरू ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को इकट्ठा किया और दोनों आरोपियों को मशीनों समेत पकड़ लिया। सूचना मिलने पर आशीष गोयल अपनी पत्नी नेहा गोयल के साथ फार्म पहुंचे और पुलिस को बुलाया। पुलिस को दोनों आरोपी और मशीनें सौंप दी गईं। आरोपियों की पहचान एटा निवासी सुभाष कुमार और प्रवेश कुमार के रूप में हुई है। दोनों सेक्टर-142 क्षेत्र के गढ़ी शाहदरा गांव में किराये पर रहते हैं। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।





