Greater Noida Durga Puja: दुर्गा पूजा पंडाल, मूर्ति विसर्जन और रावण दहन के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने आठ जोन में तैनात की टीमें
ग्रेटर नोएडा में दुर्गा पूजा पंडालों, मूर्ति विसर्जन और दशहरे पर रावण दहन के कार्यक्रमों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने विशेष तैयारियां की हैं। इसके तहत शहर को आठ जोन में विभाजित कर 18, 19 और 20 अक्टूबर के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों में सिविल, विद्युत, स्वास्थ्य और जल विभाग के अधिकारियों को शामिल किया गया है। संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक, दुर्गा पूजा पंडालों, रावण दहन स्थलों और मूर्ति विसर्जन के स्थानों पर बिजली, सड़क, स्ट्रीट लाइट और साफ-सफाई से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। शासन की ओर से भी इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। तैयारियों और कार्यों की निगरानी के लिए मजिस्ट्रेट, सहायक मजिस्ट्रेट और नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, ताकि आयोजन के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो और लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
मजिस्ट्रेट के रूप में ओएसडी अजय कुमार शर्मा, लवगीत कौर और मुकेश कुमार सिंह को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, सहायक मजिस्ट्रेट के रूप में एसबी सिंह, अंकित तिवारी और पुष्पा यादव की तैनाती की गई है। बंगाल में शनिवार को दुर्गा पूजा पंडाल में हुई दर्दनाक घटना के बाद प्राधिकरण के अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर और सतर्क हो गए हैं। ग्रेटर नोएडा ईस्ट और वेस्ट के 10 से अधिक स्थानों पर बनाए गए दुर्गा पूजा पंडालों और विजय महोत्सव स्थलों का निरीक्षण किया जा रहा है। विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारी इन स्थानों पर पहुंचकर बिजली से जुड़े सुरक्षा इंतजामों की जांच कर रहे हैं।
इसके साथ ही परियोजना विभाग को सड़कों पर बने गड्ढों को भरने और सीवर के खुले मैनहोल को ढकने का काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इन कार्यों का उद्देश्य आयोजन स्थलों और उनके आसपास आने-जाने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। प्राधिकरण की ओर से विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और निर्धारित समय में जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करने को कहा गया है।
एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने बताया कि संबंधित अधिकारियों की ड्यूटी को लेकर कार्यालय आदेश जारी कर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिम्मेदारी निभाने में किसी तरह की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय होगी। जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारियों में परियोजना विभाग के उप महाप्रबंधक विजय रावल, वरिष्ठ प्रबंधक नागेंद्र सिंह, सन्नी यादव, राजेश कुमार निम और प्रभात शंकर शामिल हैं। इसके अलावा विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक अजीत भाई पटेल, सौरभ भारद्वाज और अश्विनी कुमार चतुर्वेदी तथा स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार गौतम सहित अन्य अधिकारियों को भी अलग-अलग कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एनजी ने कहा कि दुर्गा पूजा, मूर्ति विसर्जन और दशहरे पर रावण दहन के कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरती जा रही है। स्ट्रीट लाइट, बिजली सुरक्षा, सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने और साफ-सफाई के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारियां दी गई हैं। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि इन व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए, ताकि सभी कार्यक्रम सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराए जा सकें।


