Greater Noida Crime: जीएसटी कंसल्टेंट से 29 लाख की लूट का खुलासा, ‘स्पेशल 26’ की तर्ज पर रची साजिश, 5 आरोपी गिरफ्तार

Greater Noida Crime: जीएसटी कंसल्टेंट से 29 लाख की लूट का खुलासा, ‘स्पेशल 26’ की तर्ज पर रची साजिश, 5 आरोपी गिरफ्तार

नोएडा। ग्रेटर नोएडा की बिसरख थाना पुलिस ने जीएसटी कंसल्टेंट से 29 लाख रुपये की लूट के मामले का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने अक्षय कुमार की फिल्म ‘स्पेशल 26’ की तर्ज पर फर्जी जीएसटी अधिकारी और पुलिसकर्मी बनकर वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों ने पीड़ित को करीब सात घंटे तक कार में बंधक बनाए रखा और उससे 50 लाख रुपये की मांग की थी। बाद में 29 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी, सोने के आभूषण, वर्दी और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र सिंह के मुताबिक, वारदात 20 जुलाई को बिसरख थाना क्षेत्र में हुई थी। जीएसटी कंसल्टेंट संदीप अपने काम से जा रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया। आरोपियों ने खुद को जीएसटी अधिकारी बताया और संदीप पर जीएसटी में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया।

आरोपियों में से कुछ ने उत्तर प्रदेश पुलिस की वर्दी पहन रखी थी। फर्जी अधिकारी और पुलिसकर्मी बने आरोपियों ने संदीप को जबरन अपनी कार में बैठा लिया। इसके बाद उसे करीब सात घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया। आरोपी उसे यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते जेवर की ओर ले गए और बाद में लखनऊ ले जाने की बात कही।

आरोपियों ने संदीप से 50 लाख रुपये की मांग की। काफी बातचीत के बाद मामला 29 लाख रुपये में तय हुआ। इसके बाद आरोपी वापस लौटे और पीड़ित के भाई से 29 लाख रुपये की रकम ले ली। रकम मिलने के बाद संदीप को छोड़ दिया गया। घर पहुंचने के बाद पीड़ित ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।

शुरुआत में पुलिस ने घटना की जांच-पड़ताल की, लेकिन तत्काल मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। करीब 19 दिन बाद इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमों का गठन किया और जांच शुरू की।

पुलिस ने जांच के आधार पर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिजनौर निवासी कशिश चौहान, जिसे पुलिस मुख्य आरोपी बता रही है, दिल्ली निवासी राजेश पवार, मथुरा निवासी विवेक शर्मा, देवरिया निवासी अंकित शाही और एटा निवासी अंशुल के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 24 लाख 50 हजार रुपये नकद, करीब 4 लाख 50 हजार रुपये के सोने के आभूषण, उत्तर प्रदेश पुलिस के सब-इंस्पेक्टर की वर्दी, दिल्ली डिफेंस फोर्स की वर्दी और सात मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि लूट से संबंधित पूरी रकम और सामान बरामद कर लिया गया है।

पूछताछ में आरोपियों द्वारा फर्जी अधिकारी और पुलिसकर्मी बनकर जीएसटी कंसल्टेंट को डराने तथा उससे रकम वसूलने की साजिश का खुलासा हुआ है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने इस तरह की किसी अन्य वारदात को अंजाम दिया है या नहीं और गिरोह में उनके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।

 

Hot this week

Noida : मूसलाधार बारिश के बीच नोएडा एयरपोर्ट की तत्परता, 30 मिनट में जलभराव दूर

Noida : उत्तर प्रदेश के जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय...

Topics

Noida : मूसलाधार बारिश के बीच नोएडा एयरपोर्ट की तत्परता, 30 मिनट में जलभराव दूर

Noida : उत्तर प्रदेश के जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय...
spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img