Greater Noida Clash: सुपरटेक अपकंट्री में विदेशी नागरिक और गार्ड में विवाद, मारपीट और पथराव से मचा हड़कंप

Greater Noida Clash: सुपरटेक अपकंट्री में विदेशी नागरिक और गार्ड में विवाद, मारपीट और पथराव से मचा हड़कंप

ग्रेटर नोएडा के यमुना विकास प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर-17 स्थित Supertech Upcountry सोसायटी में बुधवार रात एक सुरक्षाकर्मी और विदेशी नागरिक के बीच हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते मामला मारपीट और पथराव तक पहुंच गया, जिससे पूरी सोसायटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, सुरक्षाकर्मी ड्यूटी पर तैनात था, तभी किसी बात को लेकर उसका विदेशी नागरिक से विवाद हो गया। शुरुआत में कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में दोनों पक्षों के बीच तनाव इतना बढ़ गया कि ईंट-पत्थर चलने लगे। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

सोसायटी के मेंटेनेंस विभाग और स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति को किसी तरह काबू में किया गया। घटना के बाद लोगों में डर और आक्रोश दोनों देखने को मिला।

हालांकि, दनकौर कोतवाली पुलिस का कहना है कि उन्हें इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

सोसायटी के निवासियों ने इस घटना के पीछे एक बड़ी समस्या की ओर इशारा किया है। उनका आरोप है कि परिसर में बड़ी संख्या में अवैध पीजी संचालित हो रहे हैं, जहां स्थानीय और विदेशी नागरिक रह रहे हैं। निवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार इस संबंध में पुलिस और यमुना प्राधिकरण से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

लोगों का कहना है कि इन अवैध पीजी के कारण सोसायटी में असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। कुछ दिन पहले भी सोसायटी में छात्रों और एक केमिस्ट के बीच मारपीट का वीडियो सामने आया था, जिसने सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए थे।

फिलहाल पुलिस ने कहा है कि यदि इस मामले में कोई शिकायत मिलती है तो सभी पहलुओं की जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img