Greater Noida Action: ग्रेनो प्राधिकरण ने भनौता में 80 करोड़ की जमीन से हटाया अतिक्रमण
Greater Noida प्राधिकरण ने अधिसूचित क्षेत्र भनौता में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 40 हजार वर्ग मीटर जमीन पर किए गए अवैध निर्माण को बुल्डोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। प्राधिकरण के अनुसार कब्जा हटाई गई जमीन की अनुमानित कीमत करीब 80 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई प्राधिकरण के सीईओ N. G. Ravi Kumar के निर्देश पर भूलेख और परियोजना विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
अधिकारियों के मुताबिक भनौता क्षेत्र में कुछ कॉलोनाइजर अवैध रूप से प्लॉटिंग करने की तैयारी में थे। प्राधिकरण की ओर से बताया गया कि संबंधित जमीन प्राधिकरण की अधिग्रहित और अधिसूचित भूमि है, जिस पर किसी भी प्रकार का निर्माण पूरी तरह अवैध माना जाएगा। कार्रवाई वर्क सर्किल-2 की टीम द्वारा की गई और अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ Sumit Yadav ने चेतावनी देते हुए कहा कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति या नक्शा पास कराए किसी भी तरह का अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि ग्रेटर नोएडा में जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त करें ताकि वे अवैध कॉलोनियों में निवेश करने से बच सकें।
प्राधिकरण के महाप्रबंधक A. K. Singh ने बताया कि ग्राम भनौता के खसरा संख्या 132, 133 और 135 समेत आसपास की जमीन पर अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। उन्होंने कहा कि यह जमीन पूरी तरह प्राधिकरण के अधिकार क्षेत्र में आती है और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान वरिष्ठ प्रबंधक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में प्रबंधक रोहित गुप्ता, प्रबंधक अभिषेक सिंह, सहायक प्रबंधक मनोज चौधरी और सुरक्षा कर्मियों की टीम मौजूद रही। लगभग दो घंटे तक चले अभियान में अवैध निर्माण को हटाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि दोबारा निर्माण करने की कोशिश की गई तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्राधिकरण की इस कार्रवाई को अवैध कॉलोनियों और अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे अवैध निर्माणों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।


