Greater Noida Accident: जन्मदिन पर केक लेने जा रहे पति को पत्नी के सामने कार ने मारी टक्कर, ICU में भर्ती
नोएडा। ग्रेटर नोएडा के एक मूर्ति चौक के पास सड़क पार कर केक लेने जा रहे एक व्यक्ति को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसा पीड़ित की पत्नी के सामने हुआ। आरोप है कि टक्कर मारने के बाद चालक घायल की मदद करने के बजाय कार लेकर मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां आईसीयू में उसका उपचार चल रहा है। पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने रविवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वैदपुरा सेक्टर-10, नोएडा एक्सटेंशन निवासी ज्योति मंडल ने पुलिस को बताया कि पांच सितंबर को उनके पति हिमांशु राय का जन्मदिन था। जन्मदिन के लिए परिवार की ओर से केक मंगवाया गया था। डिलीवरी बॉय ने केक की डिलीवरी केवल एक मूर्ति चौक तक करने की बात कही थी।
इसके बाद ज्योति अपने पति हिमांशु राय के साथ कार से एक मूर्ति चौक पहुंचीं। वहां ज्योति कार के अंदर बैठी रहीं, जबकि हिमांशु केक लेने के लिए सड़क पार करने लगे। इसी दौरान एक कार ने हिमांशु को टक्कर मार दी।
पत्नी के मुताबिक हादसा उनकी आंखों के सामने हुआ। टक्कर लगने के बाद हिमांशु सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि कार चालक ने हादसे के बाद अपना वाहन नहीं रोका और घायल की मदद किए बिना मौके से फरार हो गया।
हादसे के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे एक अज्ञात राहगीर ने घायल हिमांशु की मदद की। उन्हें उपचार के लिए पास के अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर चोटों को देखते हुए हिमांशु राय को सेक्टर-1 स्थित यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनका आईसीयू में इलाज चल रहा है।
घटना के बाद पुलिस ने परिवार की कार को भी सुरक्षित रखने में मदद की। पुलिस कार को थाने लेकर गई और उसकी चाबी बाद में अस्पताल में परिजनों तक पहुंचाई गई।
परिजनों ने पुलिस से आरोपी कार चालक की जल्द पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। इसके लिए एक मूर्ति चौक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की पांच सितंबर की सुबह की फुटेज सुरक्षित करने और उसकी जांच करने की मांग भी की गई है।
पुलिस अब घटनास्थल के आसपास उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हादसे में शामिल वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है। फुटेज के जरिए कार के नंबर और चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा सकती है।
कोतवाली प्रभारी रंजीत सिंह के मुताबिक मामले में जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी वाहन और चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


