Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में लापता जीजा–साली ने जहरीला पदार्थ खाकर दी जान, सड़क किनारे मिले बेहोश, इलाज के दौरान मौत

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में लापता जीजा–साली ने जहरीला पदार्थ खाकर दी जान, सड़क किनारे मिले बेहोश, इलाज के दौरान मौत

नोएडा। ग्रेटर नोएडा के बादलपुर कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां घर से दो दिनों से लापता जीजा और साली ने सड़क किनारे जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना धूममानिकपुर बाइपास की है, जहां दोनों बेहोशी की हालत में सड़क किनारे पड़े मिले। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन दोनों की जान नहीं बचाई जा सकी।

पुलिस के अनुसार बुधवार रात करीब नौ बजे सूचना मिली कि धूममानिकपुर बाइपास के किनारे एक युवक और युवती अचेत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही बादलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बादलपुर ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया, जबकि युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। हालांकि एंबुलेंस से ले जाते समय रास्ते में युवक ने भी दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान आशीष (32) पुत्र बेदू, निवासी ग्राम उजैड़ा, निवाड़ी, जनपद गाजियाबाद और आंशिका (19), निवासी ग्राम पथौली, सरूरपुर, जनपद मेरठ के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि दोनों रिश्ते में जीजा और साली थे। परिजनों के मुताबिक दोनों 22 दिसंबर से घर से लापता थे, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट संबंधित थानों में पहले ही दर्ज कराई जा चुकी थी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों बुधवार रात धूममानिकपुर बाइपास पहुंचे थे और अपने साथ लाया गया जहरीला पदार्थ खा लिया। जहरीला पदार्थ खाने के बाद दोनों बेहोश होकर सड़क किनारे गिर पड़े। काफी देर तक जब कोई हलचल नहीं दिखी तो राहगीरों को शक हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

बादलपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमित भड़ाना ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि किसी पारिवारिक या सामाजिक दबाव के चलते दोनों घर से भागे और यह कदम उठाया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं इस घटना से पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल बना हुआ है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img