राज्यउत्तर प्रदेश

Gaur City 2:गौर सिटी-2 की सोसाइटी में लावारिस कुत्तों के खिलाफ प्रदर्शन, लोगों ने प्रशासन से मांगा स्थायी समाधान

Gaur City 2:गौर सिटी-2 की सोसाइटी में लावारिस कुत्तों के खिलाफ प्रदर्शन, लोगों ने प्रशासन से मांगा स्थायी समाधान

ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित Gaur City 2 – 14th Avenue में रविवार शाम लावारिस कुत्तों के बढ़ते आतंक के विरोध में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रदर्शन किया। सोसाइटी निवासियों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों की समस्या का स्थायी समाधान निकालने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

सोसाइटी में रहने वाले दीपक और हर्ष ने बताया कि इलाके में लगातार लावारिस कुत्तों की संख्या बढ़ती जा रही है, जिससे लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। उनका दावा है कि पिछले दो वर्षों में कुत्तों के काटने की 200 से अधिक घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

रविवार शाम करीब 7:30 बजे बड़ी संख्या में निवासी सोसाइटी परिसर में एकत्र हुए और प्रदर्शन कर प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर खींचने की कोशिश की। लोगों ने मांग की कि आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ लोग और एनजीओ सार्वजनिक स्थानों पर कुत्तों को खाना खिलाते हैं, जिससे उनकी संख्या और गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं। निवासियों का कहना है कि पार्क, बेसमेंट, बच्चों के खेलने वाले क्षेत्र और मुख्य प्रवेश द्वारों पर कुत्तों की मौजूदगी से सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ गई हैं।

लोगों ने प्रशासन से मांग की कि डॉग फीडिंग निर्धारित नियमों के अनुसार कराई जाए ताकि आम लोगों की सुरक्षा भी बनी रहे और पशु कल्याण संबंधी नियमों का पालन भी हो सके।

प्रदर्शन के बाद सोसाइटी निवासियों ने बैठक कर आगे की रणनीति पर भी चर्चा की। निवासी अजय और आनंद ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया है। सैकड़ों लोगों के हस्ताक्षर वाला ज्ञापन जिलाधिकारी, पुलिस आयुक्त, विधायक, सांसद और मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजा जाएगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Related Articles

Back to top button