Faridabad Crime: फरीदाबाद में पहचान छिपाकर शादी के नाम पर धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्ट: संदीप चौहान
फरीदाबाद पुलिस ने पहचान छिपाकर शादी करने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना सूरजकुंड की टीम ने 2024 में हुई इस वारदात के सिलसिले में आरोपी सोमदत्त कौशिक को 14 अक्टूबर को गिरफ्तार कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि ग्रीन फिल्ड की एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि उसने मैट्रिमोनियल साइट shadi.com के माध्यम से एक व्यक्ति रक्षित शर्मा से पहचान की। इसके बाद आरोपी ने अगस्त 2024 में महिला से विभिन्न खातों में 2 लाख से अधिक रुपए ठग लिए।
सितंबर 2024 में वह शिकायतकर्ता के घर अपने परिवार के साथ शादी का प्रस्ताव लेकर आया, जहां परिवार ने उसे टीका के 4 लाख रुपए, एक सोने की अंगूठी और एक सोने की गिन्नी दी। इसके उपरांत आरोपी ने महिला के क्रेडिट कार्ड से 1,25,634 रुपये का सामान और एक आईफोन खरीदा तथा उसके नाम से 15 लाख की गाड़ी खरीद ली।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपना नाम रक्षित शर्मा बताया था, जबकि असली नाम सोमदत्त कौशिक है। उसने अपनी पहचान छिपाकर धोखाधड़ी की और शिकायतकर्ता को पैसे ऐंठने के लिए शादी का ढोंग रचा। आरोपी ने परिवार और अन्य सहयोगियों को भी अपने षड्यंत्र में शामिल किया। उत्तर प्रदेश के नोएडा और गाजियाबाद में उसके खिलाफ इसी प्रकार के अपराध के मामले दर्ज हैं। थाना सूरजकुंड की टीम आरोपी के खिलाफ कार्रवाई में जुटी हुई है और पूछताछ जारी है, ताकि अन्य पीड़ितों और वारदातों का पता लगाया जा सके।
‘कोटा फैक्ट्री’ सीजन 3: जितेंद्र कुमार की दमदार ड्रामा नेटफ्लिक्स पर आएगी, रिलीज डेट सामने आई

