राज्यउत्तर प्रदेश

Fake Call Center Noida नोएडा में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, विदेश में कारोबार बढ़ाने के नाम पर ठगी, पति-पत्नी समेत तीन गिरफ्तार

Fake Call Center Noida नोएडा में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, विदेश में कारोबार बढ़ाने के नाम पर ठगी, पति-पत्नी समेत तीन गिरफ्तार

नोएडा, 16 जुलाई। नोएडा पुलिस ने सेक्टर-63 क्षेत्र में चल रहे एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए पति-पत्नी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर कारोबारियों को विदेश में व्यापार बढ़ाने, ऑनलाइन प्रमोशन और अंतरराष्ट्रीय खरीदार उपलब्ध कराने का झांसा देकर हजारों रुपये की ठगी करने का आरोप है।

एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र सिंह ने बताया कि एक महिला की शिकायत के आधार पर बुधवार रात सेक्टर-63 स्थित कॉल सेंटर पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान मुख्य संचालक रणबीर सिंह, उसकी पत्नी ज्योति (दोनों गाजियाबाद निवासी) तथा ललित कुमार (सेक्टर-49 निवासी) को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी कारोबारियों को फोन कर विदेश में व्यापार बढ़ाने, कंपनी का ऑनलाइन प्रमोशन कराने और विदेशी खरीदार उपलब्ध कराने का दावा करते थे। इसके बदले वे 3 हजार से 40 हजार रुपये तक वसूलते थे। इतना ही नहीं, कंपनी का कथित प्रमाणपत्र जारी कराने के नाम पर 80 हजार रुपये तक की अतिरिक्त रकम भी ली जाती थी।

छापेमारी के दौरान मौके से मिले 44 कर्मचारियों से पूछताछ की गई। प्रारंभिक जांच के बाद उन्हें नोटिस देकर छोड़ दिया गया। पुलिस अब उनकी भूमिका की भी जांच कर रही है।

जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह पुलिस की नजर से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा। सेक्टर-63 क्षेत्र में यह कॉल सेंटर अब तक तीन बार स्थान बदल चुका था और चौथी बार शिफ्ट होने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने कार्रवाई कर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया।

पुलिस ने मौके से 39 स्मार्टफोन, 9 कीपैड मोबाइल, 10 लैपटॉप, 36 सीपीयू, 32 सिम कार्ड तथा टैक्स इनवॉइस सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और वित्तीय लेनदेन की जांच की जा रही है ताकि ठगी की कुल रकम और पीड़ितों की संख्या का पता लगाया जा सके।

Related Articles

Back to top button