Congress Protest March: नोएडा में कांग्रेस का ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान, जेवर में निकाला जोरदार आक्रोश मार्च
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर शुरू किए गए ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत गौतमबुद्ध नगर जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी राजनीतिक सक्रियता तेज कर दी है। जिले की दादरी और जेवर विधानसभा क्षेत्रों में व्यापक संगठनात्मक बैठकों का आयोजन करने के बाद जेवर कस्बे में बैना रोड से लेकर तहसील मुख्यालय तक एक विशाल आक्रोश मार्च निकाला गया। इस प्रदर्शन के जरिए कांग्रेसियों ने चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता, मतदाता सूचियों में पूर्ण पारदर्शिता और नागरिकों के संवैधानिक मताधिकार की सुरक्षा की जोरदार मांग उठाई।
इससे पहले ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित जिला पार्टी कार्यालय पर दादरी विधानसभा के कार्यकर्ताओं की एक समीक्षा बैठक हुई, जिसमें कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं अभियान की जिला समन्वयक डॉ. रागिनी नायक मुख्य रूप से शामिल हुईं। इसके बाद जेवर में आयोजित बैठक में भी चुनावी तैयारियों पर गहन मंथन हुआ। बैठकों में निर्णय लिया गया कि निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए बूथ स्तर पर ‘वोट रक्षक’ तैनात किए जाएंगे, जो घर-घर जाकर यह जांचेंगे कि किन पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काटे गए हैं ताकि उनका भौतिक सत्यापन कर नाम दोबारा जुड़वाए जा सकें।
डॉ. रागिनी नायक ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की रक्षा की पहली शर्त निष्पक्ष मतदाता सूची है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला के नेतृत्व में निकाले गए आक्रोश मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन प्रणाली में पारदर्शिता को लेकर जमकर नारेबाजी की और निर्वाचन आयोग से सभी विसंगतियों का समयबद्ध समाधान करने की मांग की। साथ ही कार्यकर्ताओं को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित महारैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए जनसंपर्क तेज करने का निर्देश दिया गया।





