शिकायत पर कार्रवाई नहीं करने पर भड़के कैबिनेट मंत्री अनिल विज, बोले “जनता कैंप में तारीख पर तारीख नहीं,

शिकायत पर कार्रवाई नहीं करने पर भड़के कैबिनेट मंत्री अनिल विज, बोले “जनता कैंप में तारीख पर तारीख नहीं,

चंडीगढ़, 16 दिसम्बर

हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने आज अम्बाला छावनी के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित जनता कैंप के दौरान दिव्यांग की पेंशन लगाने में देरी एवं लापरवाही करने वाले सामाजिक, न्याय एवं अधिकारिकता विभाग के इन्वेस्टिगेटर अवतार सिंह को सस्पेंड करने के निर्देश दिए।

अम्बाला छावनी विधानसभा क्षेत्र की जनता की समस्याएं सुनने के लिए हर सोमवार लगाए जाने वाले जनता कैंप के दौरान श्री विज आज तलख तेवर में दिखे। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों द्वारा विकास कार्यों में देरी करने पर मौके पर मौजूद विभाग के एक्सईएन को फटकार लगाई तथा कार्यों को अविलंब प्रारंभ करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार बिजली, नगर परिषद व पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली से वह नाखुश दिखे और उन्होंने संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनता कैंप के दौरान सैकड़ों शिकायतें कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने सुनी और अधिकारियों को सख्त लहजे में उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि “इन शिकायतों का उनके अगले कैंप से पहले निवारण होना चाहिए, नहीं तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ वह सख्त कार्रवाई करेंगे।”

आज जनता कैंप के दौरान अम्बाला के एडीसी डा. ब्रह्मजीत सिंह, डीएसपी सुरेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के अलावा भाजपा नेता जसबीर सिंह जस्सी, किरणपाल चौहान, संजीव सोनी, आशीष अग्रवाल, भरत कोछड़, रवि सहगल, बलकेश वत्स एवं अन्य मौजूद रहे।

जनता कैंप में दिव्यांग ने उसकी पेंशन से संबंधित कार्रवाई सामाजिक, न्याय एवं अधिकारिकता विभाग द्वारा नहीं करने की शिकायत दी। विकलांग ने मंत्री अनिल विज को बताया कि वह बीते दो दिसंबर को जनता कैंप में पेश हुआ था और उन्होंने विभाग को उसकी समस्या जल्द हल करने के निर्देश दिए थे, मगर विभाग द्वारा दो सप्ताह में उसकी जन्मतिथि तक को वेरीफाई नहीं किया गया। इसपर खफा हुआ मंत्री अनिल विज ने मौके पर ही विभाग के इन्वेटीगेटर अवतार सिंह को सस्पेंड करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रार्थी को पैंशन के लिए चक्कर पर चक्कर लगाने पड़ रहे थे और यह तो वहीं बात हुई तारीख पे तारीख, इंसाफ नहीं मिला जज साहब, मेरे यहां ऐसा नहीं होगा।

जनता कैंप के दौरान खोजकीपुर एवं रामपुर सरसेहड़ी के निवासियों ने काज-वे एवं टांगरी बंधे को लेकर समस्या बताई जिसपर कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने मौके पर ही मौजूद विभाग के एक्सईएन से टेंडरों को लेकर जानकारी मांगी। टेंडर अलॉट करने में हो रही देरी पर उन्होंने अधिकारी को फटकार लगाते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी प्रकार, महेशनगर ड्रेन को सिंचाई विभाग के क्षेत्र में पक्का नहीं किए जाने को लेकर भी उन्होंने फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि ड्रेन का कुछ हिस्सा सिंचाई विभाग की ओर से पक्का बनाया जाना है तो इसमें देरी क्यों की जा रही है।

श्रम मंत्री अनिल विज के समक्ष जनता कैंप में सफाई कर्मचारियों को पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिलने की शिकायत पहुंची। कर्मचारियों ने बताया कि वह डोर-टू-डोर ठेकेदार के पास काम करते है, मगर उन्हें तीन माह का वेतन नहीं मिला। इस पर श्रम मंत्री अनिल विज ने श्रम विभाग के अधिकारियों को मामले में जांच और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा जिसके भी खिलाफ कार्रवाई बनती है उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाए।

इसी प्रकार, अम्बाला शहर में एक दुकान पर काम करने वाले युवक ने बताया कि वह डेढ़ वर्ष से शोरूम पर काम कर रहा है, मगर उसे तनख्वाह नहीं दी गई है। इस मामले में भी उन्होंने श्रम विभाग को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।पुलिस से जुड़े अलग-अलग मामलों में उन्होंने आईजी अम्बाला की अध्यक्षता में एसआईटी गठित कर जांच के निर्देश दिए।
जनता कैप के दौरान कच्चा बाजार से आए प्रार्थी ने अपने घर मे हुई चोरी की शिकायत के मामले में कार्रवाई न होने बारे मंत्री को अवगत करवाया। मंत्री अनिल विज ने कैंट एसएचओ को इस मामले में अगले सप्ताह तक कार्रवाई के निर्देश दिए। खोजकीपुर प्रभु प्रेम कालोनी से आए प्रार्थी ने बिजली के खम्बे से सम्बन्धित शिकायत रखी इस मामले में ऊर्जा मंत्री ने दो कार्यकर्ताओं के साथ कार्यकारी अभिंयता को दोबारा से मौके का मुआयना करने के निर्देश दिए।

महेशनगर टांगरी बांध के निकट से आए एक परिवार ने उसके पिता की सडक़ दुर्घटना के मामले में पुलिस द्वारा कोई उचित कार्रवाई न किए जाने पर मंत्री अनिल विज को शिकायत दी जिस पर उन्होंने डीएसपी को पुन: जांच करने के निर्देश दिए।

इसी प्रकार, धोखाधडी के एक मामले में व हत्या के एक मामले में आरोपियों की गिरफतारी न होने पर ऊर्जा मंत्री ने आईजी अम्बाला को शिकायत मार्क करते हुए एसआईटी बनाने के निर्देश दिए। शाहपुर से आए एक प्रार्थी ने अवैध कब्जा हटवाने बारे, सुभाष पार्क के पास नाले की सफाई न होने बारे, खतौली में पानी की पाईप लाईन बिछवाए जाने बारे, पालम विहार से आए एक युवक ने उसके प्लाट के नजदीक ट्रांसफार्मर लगवाए जाने बारे, पूजा विहार से आई एक प्रार्थी ने टयूबल के कनैक्शन लगवाने बारे व अन्य प्रार्थियों ने अपनी-अपनी शिकायतें लिखित प्रार्थना पत्र के माध्यम से मंत्री के समक्ष रखते हुए इनका समाधान करने की गुहार लगाई। मंत्री ने सभी को आश्वस्त किया कि सभी की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
वहीं जनता कैंप में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि जनता कैंप में पेंशन के मामले को हल कर करने के निर्देश दिए थे, मगर विभागीय स्टाफ 15 दिन में जन्म तारीख तक वैरीफाई नहीं कर पाया। इस मामले में एक कर्मी को सस्पेंड किया गया है। उन्होंने कहा सफाई कर्मियों को तीन माह से तनख्वाह नहीं मिलने पर भी उन्होंने श्रम विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि किसानों रेल नहीं रोकनी चाहिए क्योंकि उससे जनता परेशान होती है। शांतिपूर्वक तरीके से प्रदर्शन करने का सभी को अधिकार है, मगर देश को बंद करना ठीक नहीं है।

मलाइका अरोड़ा ने अर्जुन कपूर के साथ ब्रेकअप की खबरों के बीच अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक रहस्यमयी पोस्ट शेयर की, कहा ‘हममें से हर किसी के पास सिर्फ़…’

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img