Bulandshahar (अवनीश त्यागी) : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार गुप्ता को लेकर चल रही सियासी बयानबाजी के बीच वैश्य समाज उनके समर्थन में सामने आया है। वैश्य समाज के विभिन्न संगठनों की ओर से 25 अक्टूबर को दिल्ली के बिरला मंदिर पर धरना प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इस धरने में बुलंदशहर सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा से बड़ी संख्या में लोग जुटेंगे।
आयोजकों का कहना है कि ज्ञानेश कुमार गुप्ता ईमानदार और निष्पक्ष अधिकारी हैं और वैश्य समाज के गौरव हैं। उनके खिलाफ की जा रही टिप्पणियों और इस्तीफे की मांग का वैश्य समाज विरोध करता है। समाज ने चुनाव आयोग के कार्यों पर भरोसा जताया है।
पदाधिकारियों ने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और उसके प्रमुख पर इस तरह के राजनीतिक हमले लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं हैं। प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। पिछले कुछ दिनों से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर विपक्षी दलों की ओर से सीईसी के इस्तीफे की मांग की जा रही है, जिसके विरोध में वैश्य समाज ने प्रदर्शन का ऐलान किया है।





