Bulandshahar : बुलंदशहर में डिप्टी सीएम ने की विकास कार्यों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए तेजी लाने के निर्देश

Bulandshahar (अवनीश त्यागी) : बुलंदशहर के पीडब्ल्यूडी सभागार में शनिवार को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की अध्यक्षता में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विकास कार्यों और शासन की प्राथमिकताओं को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक में उप मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे कराए जाएं। योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचना चाहिए। उन्होंने कानून व्यवस्था, सड़क एवं निर्माण कार्य, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, पेयजल, स्वच्छता, कृषि, सिंचाई, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई और शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। आमजन की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। अधिकारी नियमित रूप से क्षेत्र में भ्रमण कर विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करें और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि निर्माणाधीन परियोजनाओं को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। विभागीय अधिकारी और कार्यदायी संस्थाएं आपसी समन्वय से परियोजनाओं को समय से पूरा कराएं। सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने उप मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का प्रभावी अनुपालन कराया जाएगा और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय से पहुंचाया जाएगा।

बैठक में सांसद डॉ भोला सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रशासक डॉ अंतुल तेवतिया, एसएसपी दिनेश कुमार सिंह, सीडीओ निशा ग्रेवाल, विधायक लक्ष्मी राज सिंह, संजय शर्मा, मीनाक्षी सिंह, प्रदीप चौधरी, चंद्रपाल सिंह, देवेंद्र सिंह लोधी, भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img